बजट सत्रः OBC कर्मचारी के प्रदेश अध्यक्ष ने किया हंगामा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2020 - 01:00 PM (IST)

गैरसैंणः उत्तराखंड में गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आज से बजट सत्र की शुरुआत हो गई है। बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ की गई। वहीं हंगामे के बीच राज्यपाल ने अपने अभिभाषण को पढ़ा। वहीं जनरल ओबीसी कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी के द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के वाहन के सामने हंगामा किया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

हंगामे के बीच राज्यपाल ने पढ़ा अभिभाषण
राज्यपाल ने अपने 45 मिनट के अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों को गिनवाया। इसी बीच अभिभाषण शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने वेल में आकर जमकर हंगामा किया। राज्यपाल का भाषण हंगामे के बीच पूरा हुआ। कांग्रेसी विधायकों ने वेल में आकर सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी की। इस दौरान विधायक हरीश धामी, करण मेहरा, मनोज रावत और प्रीतम सिंह सहित कांग्रेस के सभी विधायक वेल में पहुंचे। विधायकों की सुरक्षा कर्मियों से खूब धक्का-मुक्की भी हुई।

वहीं बजट सत्र के दौरान जनरल ओबीसी कर्मचारी धरने पर बैठ गए। दीपक जोशी ने कहा कि पूरे देश और तमाम राज्यों में पदोन्नति में आरक्षण समाप्त करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन हो रहे हैं। बता दें कि दीपक जोशी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के वाहन के सामने भी हंगामा किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया।

Nitika