राज्य गठन की अवधारणा को ही खतरा: सुबोध उनियाल

punjabkesari.in Tuesday, Feb 27, 2018 - 10:45 AM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किसानों के बीच रिंग रोड स्थित माधो सिंह भंडारी कृषि भवन में आयोजित रेशम कृषि मेले में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्य के पर्वतीय इलाकों से आबादी का पलायन हो रहा है और परिसीमन में विधानसभा की सीटें कम हो रही हैं, उससे उत्तराखंड राज्य गठन की अवधारणा ही समाप्त होती जा रही है। 

सुबोध उनियाल ने याद दिलाया कि पहले परिसीमन के बाद पर्वतीय इलाकों से 6 विधान सभा सीटें घट चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पलायन की गति और स्थिति यही रही और पलायन मैदानी इलाकों की ओर होता रहा तो आने वाले समय में जब दूसरा परिसीमन होगा, तो पर्वतीय क्षेत्र से कुल 21 विधानसभा सीटें कम हो जाएंगी। यह सभी सीटें मैदान के खाते में चली जाएंगी। उन्होंने चिंता जताई कि मैदानी क्षेत्रों की आबादी तेजी से बढ़ रही है और पहाड़ों में उसी अनुपात में घट रही है।

कैबिनेट मंत्री के तर्क को अगर सही माना जाए, तो कुल 21 विधानसभा सीटें पर्वतीय इलाकों से कटकर मैदानी इलाकों में आने की स्थिति में हर वर्ष तकरीबन 2 हजार 520 करोड़ रुपए का विकास कार्य पहाड़ी इलाकों से छिन जाएगा।