मशहूर अभिनेता टॉम अल्टर का निधन, कैंसर से थे पीड़ित

punjabkesari.in Saturday, Sep 30, 2017 - 04:23 PM (IST)

मसूरी: मसूरी निवासी एवं जाने माने बॉलीबुड एक्टर, थिएटर आर्टिस्ट टॉम आल्टर का निधन हो गया है। वह स्किन कैंसर के इलाज के लिए मुंबई के सैफी अस्पताल में भर्ती थे। वह कैंसर की चौथी स्टेज पर थे। टॉम के निधन से मसूरी में शोक की लहर है।परिवार के सूत्रों के मुताबिक उनकी अंतिम विदाई मुंबई में ही होगी।

अमेरिकन मूल के टॉम 22 जून, 1950 को मसूरी में पैदा हुए थे। 1976 में उनकी पहली फिल्म चरस थी। 1977 में उन्होंने कैरोल इवान्स से शादी की। उनके एक बेटा जैमी और एक बेटी अफशां हैं। टॉम क्रिकेट के भी बड़े फैन थे। उन्होंने 10 साल अखबार में क्रिकेट से जुड़े कई आर्टिकल्स भी लिखे। 1988 में सचिन तेंदुलकर का टीवी इंटरव्यू करने वाले टॉम पहले शख्स थे। 

जानकारी के अनुसार 2008 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। टॉम अल्टर ने 300 से ज्यादा फिल्मों और कई टीवी शो में काम किया था। उन्होंने 3 किताबें भी लिखी थीं। 

राज्यपाल डॉ कृष्ण कांत पाल ने प्रसिद्ध अभिनेता व थियेटरकर्मी  टॉम ऑल्टर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति की ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा है कि टॉम ऑल्टर का निधन अभिनय क्षेत्र के लिए अपूर्णीय क्षति है।