गैरसैंण में सुविधा उपलब्ध करवाने के बाद ही राजधानी का मुद्दा होगा हलः मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Tuesday, Mar 27, 2018 - 01:08 PM (IST)

गैरसैंण: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंद रावत ने गैरसैंण के मुद्दे पर अपना बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण के विधानसभा सत्र में 6 दिनों तक गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने को लेकर विपक्ष के द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आन्दोलन स्थानीय लोगों का है। उन्होंने कहा कि उन लोगों को यह याद रखना चाहिए तकि राजधानी किसी क्षेत्र विशेष की नहीं होती। गैरसैंण संघर्ष समिति, उत्तराखंड क्रांति दल(उक्रांद) और कुछ सामाजिक-राजनीतिक संगठनों की और से गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाए जाने को लेकर आन्दोलन किया जा रहा है। बजट सत्र शुरु होने के साथ ही आन्दोलनकारी गैरसैंण तक पहुंचे और सरकार के खिलाफ आन्दोलन किया। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी विधानसभा में सरकार को घेरने की कोशिश की।

इस पर सीएम ने कहा कि गैरसैंण में राजधानी को लेकर अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। गैरसैंण में सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के बाद ही राजधानी के सवाल को भी हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सही समय आने पर इस मामले में फैसला लिया जाएगा। सीएम ने कहा कि गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने का आन्दोलन केवल गैरसैंण तक सीमित है। राज्य की जनता को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि राजधानी केवल स्थानीय लोगों की नहीं होती, राज्य की जनता इस बात को समझ रही है।   

Punjab Kesari