Assembly Election Result 2022: उत्तराखंड की 5 सीटों पर हजार वोटों से भी कम रहा जीत का अंतर

punjabkesari.in Monday, Mar 14, 2022 - 05:50 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड में हाल ही में घोषित विधानसभा चुनाव परिणाम में कम से कम 5 सीटों पर जीत-हार का अंतर 1,000 वोटों से भी कम रहा जबकि करीब 2 दर्जन सीटें ऐसी भी रहीं जहां प्रत्याशियों ने अपने प्रतिद्वंदियों को 10 हजार से ज्यादा वोटों से पटखनी देकर विधानसभा की राह पकड़ी।

अल्मोड़ा सीट से कांग्रेस के मनोज तिवारी ने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी भाजपा के कैलाश शर्मा पर महज 127 वोटों से जीत दर्ज की। विधानसभा चुनाव 2022 में यह जीत का न्यूनतम अंतर है। वहीं, देहरादून जिले के रायपुर सीट से भाजपा के उमेश शर्मा काउ ने 30,052 मतों के अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के हीरा सिंह बिष्ट को हरा कर ना सिर्फ अपनी सीट बरकरार रखी बल्कि प्रदेश में सबसे बड़ी जीत भी हासिल की है। पिछले विधानसभा चुनावों में भी काउ ने 36,000 मतों के अंतर से प्रदेश में सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल की।

अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट सीट पर कांग्रेस के मदन बिष्ट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अनिल शाही को 182 मतों से पराजित किया जबकि पौड़ी जिले की श्रीनगर सीट पर धनसिंह रावत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को 587 मतों से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी। हरिद्वार जिले की मंगलौर सीट पर बसपा के सरबत करीम अंसारी ने कांग्रेस के निवर्तमान विधायक काजी निजामुद्दीन को 598 वोटों से हराया। हाल में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए किशोर उपाध्याय ने टिहरी से पूर्व पर्यटन मंत्री और उत्तराखंड जनएकता पार्टी के दिनेश धनै को 951 मतों से पराजित किया। डोइ वाला से भाजपा के ब्रजभूषण गैरोला ने 29,021 वोटों के अंतर से कांग्रेस के गौरव सिंह को हराया जबकि कालाढूंगी से पुष्कर सिंह धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कांग्रेस के महेश चंद्र पर 23,931 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। देहरादून कैंट से विधायक पति के निधन के दो महीने बाद पहली बार चुनावी समर में उतरी भाजपा की सविता कपूर ने प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना को 20,938 मतों से हराया।

कुमाऊं में रूद्रपुर सीट पर भाजपा के शिव अरोडा ने कांग्रेस की मीना शर्मा को 19,750 वोटों से हराया जबकि ऋषिकेश से विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कांग्रेस के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ रहे जैनेंद्र चंद रमोला को 19,057 वोटों से हराया। लालकुआं से भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट ने कांग्रेसी दिग्गज और मुख्यमंत्री पद के अघोषित प्रत्याशी हरीश रावत को 17,527 मतों से पटखनी दी जबकि विधायक पिता के स्थान पर पहली बार चुनाव लड़ रहे त्रिलोक सिंह चीमा ने काशीपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र चंद सिंह को 16,335 मतों से हराया। हरिद्वार जिले की पिरान कलियर सीट से कांग्रेस के फुरकान अहमद ने भाजपा के मुनीश कुमार सैनी पर 15,743 मतों के अंतर से जीत दर्ज की जबकि मसूरी सीट पर धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गोदावरी थापली को 15,325 मतों के अंतर से हराया। हरिद्वार से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने अपने कांग्रेस के प्रतिद्वंदी सतपाल ब्रह्मचारी को 15,227 वोटों से पराजित किया। रानीपुर हरिद्वार से भाजपा के आदेश चौहान ने कांग्रेस के राजबीर सिंह चौहान को 13,862 मतों से हराया जबकि ज्वालापुर से कांग्रेस के रवि बहादुर ने भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ पर 13,343 मतों से जीत दर्ज की। नानकमत्ता से कांग्रेस के गोपाल सिंह राणा ने भाजपा के प्रेम सिंह राणा पर 13,020 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

बागेश्वर से भाजपा के चंदन रामदास ने कांग्रेस के रंजीत दास को 12,141 मतों से हराया जबकि चौबटटाखाल से धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कांग्रेस के केशर सिंह 11,430 वोटों से और भाजपा के खजान दास ने कांग्रेस के राजकुमार को 11,163 मतों से हराया। यमकेश्वर सीट पर भाजपा की रेणु बिष्ट, लक्सर पर बसपा के मोहम्मद शहजाद, किच्छा सीट पर कांग्रेस के तिलक राज बेहड, घनसाली पर भाजपा के शक्तिलाल शाह, धर्मपुर पर भाजपा के विनोद चमोली और गंगोलीहाट पर भाजपा के फकीर राम ने भी अपने प्रतिद्वंदियों पर दस हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज करने में सफल रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static