5 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद BJP कार्यालय में जश्न का माहौल, कांग्रेस में छाई उदासी

punjabkesari.in Friday, May 24, 2019 - 10:03 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में सभी पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा की साल 2014 के बाद एक बार फिर जीत से प्रफुल्लित कार्यकर्ता और नेताओं ने जहां एक तरफ प्रदेश मुख्यालय में रंग, गुलाल लगाया और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया, वहीं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उदासी छाई रही।

जानकारी के अनुसार, राज्य में गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे से मतगणना के रुझान आने शुरू हुए। भाजपा सभी सीटों पर बढ़त बनाती दिखी। हरिद्वार में प्रथम चरण की मतगणना में कांग्रेस के अंबरीष कुमार ने बढ़त बनाकर वहां के निवर्तमान भाजपा सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को शिकस्त देने का प्रयास किया, लेकिन उसके बाद लगातार भाजपा के पक्ष में जन-मत बढ़ने लगा।

वहीं टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा और नैनीताल लोकसभा क्षेत्रों में शुरू से ही भाजपा बढ़त की ओर रही। दोपहर 12 बजे तक सभी पांचों सीटों पर मतों का अंतर 50 हजार से अधिक जाने पर भाजपा खेमे में जश्न शुरू हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगातार एक दूसरे को गुलाल लगाने के साथ सड़कों पर आतिशबाजी शुरू कर दी। 

नतीजों के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखाई दी मायूसी 
इसके विपरीत कांग्रेस नेता और समर्थक मायूस होकर अपने घरों की ओर जाने लगे। 3 चक्र की मतगणना के साथ ही कांग्रेस के देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में सन्नाटा पसर गया, जबकि भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के हुजूम एकत्र होने शुरू हो गए। शाम 4 बजे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, टिहरी की निवर्तमान सांसद और कई लाख वोट से बढ़त बना चुकी राज्य माला लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और राज्य मंत्री धन सिंह रावत सहित पार्टी के अधिकांश पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दीं।



 

Nitika