एक साल पूरा होने पर त्रिवेन्द्र सरकार ने गिनाई अपनी उपलब्धियां

punjabkesari.in Monday, Mar 19, 2018 - 11:16 AM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को अपनी सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर परेड ग्राऊंड में समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में सीएम ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार ही विकास के राह में सबसे बड़ा रोड़ा है। राज्य में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार भ्रष्टाचार पर तब तक प्रहार करती रहेगी, जब तक कि उत्तराखंड भ्रष्टाचारमुक्त ना हो जाए। 

पुलिस को बिना किसी दबाव के कार्य करने की छूट
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को बिना किसी दबाव के कार्य करने की छूट दी गई है। इसके चलते एक साल के कार्यकाल में अपराधों और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि वह भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई में सरकार का साथ दे। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का वर्णन भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में काफी उपलब्धियां हासिल की हैं। 

आशा कार्यकत्रियों को बांटे 25-25 हजार 
मुख्यमंत्री ने कुछ आशा कार्यकत्रियों को 25-25 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में बांटे। बता दें कि कुछ दिन पूर्व महिला दिवस के मौके पर त्रिवेन्द्र सरकार ने राज्य की आशा कार्यकत्रियों को 33 करोड़ रुपए वर्ष 2012-13 से अटकी प्रोत्साहन राशि के लिए स्वीकृत की थी, जिसके अनतर्गत प्रत्येक आशा कार्यकत्री को 25-25 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। 

समारोह में दिखाई गई शॉर्ट फिल्म 
समारोह में मुख्यमंत्री के संबोधन से पहले 3 मिनट की एक शॉर्ट फिल्म दिखाई गई, जिसमें एक वर्ष की उपलब्धियों का वर्णन किया गया। फिल्म में दिखाया गया कि त्रिवेन्द्र सरकार किस तरह हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर समाज का उत्थान कर रही है और उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ रही है। 

लांच की गई एम्बुलेंस और मोबाइल प्रयोगशाला 
आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा-108 को विस्तार देते हुए 21 नई एम्बुलैंस को बेड़े में शामिल किया गया। सीएम ने कहा कि एक महीने के भीतर कुल 111 नई एम्बुलेंस बेड़े में शामिल की जाएंगी। इसके अतिरिक्त एक मोबाइल खाद्य विश्लेषणात्मक प्रयोगशाला भी सीएम ने लांच की।

Punjab Kesari