BUDGET 2020ः CM रावत ने बतौर वित्त मंत्री पेश किया 53526 हजार करोड़ का बजट

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2020 - 05:35 PM (IST)

भराडीसैंणः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने वित्त वर्ष 2020-21 के लिए 53,524.97 करोड़ रुपए का बजट बुधवार को सदन के पटल पर प्रस्तुत किया। रावत के पास वित्त मंत्री का भी पदभार है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को अपराह्न 4 बजे ‘अंक में इस धरा की रहा हूं सदा, स्रोत हूं, अनवरत ही बहा हूं सदा। राह मेरी रही कब सहज आज तक, चीर के पत्थरों को चला हूँ सदा' पंक्तियों के साथ बजट भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि यह बजट नवीन आकांक्षाओं, नवीन आशाओं एवं प्रदेश के निर्बल वर्ग की आवश्यकताओं से प्रेरित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आय व्ययक राज्य की आर्थिक नीतियों के प्रति जन सामान्य की अपेक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि खुश किसान, आबाद गांव, मजबूत मातृ शक्ति, युवाओं को काम, सस्ता और बेहतर इलाज, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ जल, उचित पोषण इस बजट का आधार है। श्री रावत ने कहा कि आगामी वित्त वर्ष में 52,423.92 करोड़ की कुल प्राप्तियां अनुमानित हैं। इसमें 42439.33 करोड़ राजस्व प्राप्तियों तथा 9954.59 करोड़ पूंजीगत प्राप्तियों है। इसके साथ ही कुल व्यय 53,526.97 करोड़ अनुमानित हैं। इसमें 42,389.67 करोड़ राजस्व लेखा और 11,137.30 करोड़ पूंजी लेखे का व्यय है। उन्होंने कहा कि आय-व्ययक प्रस्ताव के आधार पर किसी प्रकार का राजस्व घाटा अनुमानित नहीं है, बल्कि 49.66 करोड़ का राजस्व आधिक्य सम्भावित है।

सके बावजूद राजकोषीय घाटा 7549.74 करोड़ होगा, जो राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत नियत लक्ष्य की सीमान्तर्गत है। बजट भाषण के बाद इस पर बहस के लिए सदन को गुरुवार तक स्थगित कर दिया गया।  

Nitika