त्रिवेन्द्र सरकार ने पूरा किया एक साल, जनता के सामने रखी उपलब्धियां

punjabkesari.in Sunday, Mar 18, 2018 - 04:02 PM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की सरकार ने एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। सरकार के मंत्री से लेकर संगठन के सामान्य कार्यकर्त्ता तक एक साल के कार्यकाल को अभूतपूर्व उपलब्धि के तौर पर देख रहे हैं। 

विकास की दृष्टि से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल 
इस मौके को जश्न की तरह मनाया जा रहा है। परेड ग्राऊंड के मैदान में जहां इस अवसर पर रविवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए जनता का आभार प्रकट करते हुए साल भर की अपनी उपलब्धियों को सबके सामने रखा है। सीएम ने कहा है कि इस दौरान मात्र कोरी घोषणाएं नहीं की गई हैं, बल्कि ऐसी घोषणाएं की गई हैं, जिन्हें पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो, इसके लिए राज्यहित में अनेक नीतिगत निर्णय लिए गए हैं। 

खनन से परिवहन तक विकास ही विकास 
मुख्यमंत्री की मानें तो इस एक साल में राज्य सरकार ने राजस्व विकास के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। ऊर्जा विभाग के राजस्व में बीते साल की तुलना में 168 करोड़ रुपए की बढ़ोत्तरी हुई है। परिवहन विभाग के राजस्व में गत वर्ष की तुलना में 140 करोड़ रुपए की बढ़ौत्तरी हुई है। खनन विभाग में ई-आक्शन प्रक्रिया लागू करने के बाद राजस्व में लगभग 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। 

घर-घर पहुंचाया पानी और बिजली 
सरकार की उपलब्धियों की सूची में किसी भी क्षेत्र की अनदेखी नहीं हुई है। सीएम ने बताया कि राज्य के 99.60 प्रतिशत ग्राम विद्युतीकृत हो गए हैं। बीते एक साल में 51 दूरस्थ गांव विद्युतीकृत किए गए और शेष 21 गांव मार्च के अंत तक विद्युतीकृत हो जाएंगे। 

एक भी वायदा पूरा नहीं कर पाई डबल इंजन की सरकारः प्रदीप भट्ट 
भाजपा सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर कांग्रेस ने जमकर हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप भट्ट ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा के द्वारा जनता के साथ किए गए वादों में से एक को भी पूरा नहीं किया गया है।
   

Punjab Kesari