उत्तराखंड में 2 अलग-अलग घटनाओं में स्मैक की तस्करी करती महिला समेत दो लोग गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, May 11, 2022 - 05:23 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के नैनीताल व उधमसिंह नगर में पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में भारी मात्रा में गांजा एवं स्मैक के साथ एक पुरूष और महिला को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार रामनगर पुलिस की ओर से सोमवार रात को तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान रामनगर-काशीपुर राजमार्ग पर 16 नबंर नई बस्ती के पास बने प्रतीक्षालय में एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और जूट व प्लास्टिक के कट्टों की जांच की गयी तो लगभग 30 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी राजवीर निवासी नई बस्ती नंबर-16, पीरूमदारा, रामनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने बताया कि वह बरामद गांजे को धूमाकोट के रसिया महादेव से जगत सिंह नामक व्यक्ति से खरीद कर लाया है। आरोपी के खिलाफ रामनगर कोतवाली में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई अमल में लायी जा रही है।

इसी प्रकार एक अन्य घटना में उधमसिंह नगर पुलिस, एसओजी व मादक द्रव्य निरोधक बल (एडीटीएफ) की संयुक्त टीम ने रूद्रपुर के प्रीत बिहार स्थित गुरूनानक डिग्री कालेज के पास से तोष कौर नामक महिल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 51.20 ग्राम स्मैक बरामद की है। आरोपी नानकमत्ता के गिधौरा, की रहने वाली है और फिलहाल प्रीत बिहार, रम्पुरा में रहती है। आरोपी नानकमत्ता के हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह की बहन है।

पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपी बरामद स्मैक को नानकमत्ता के गिधौर निवासी लाली, कंक्की, व कुलवंत से खरीद कर लायी है। बरामद स्मैक की कीमत 1.20 लाख रुपए आंकी गयी है। हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह स्मैक व नशे के इंजेक्शन की तस्करी के आरोप में जेल में है। तारा सिंह का कारोबार अब उसकी बहन चलाने लगी। आरोपी महिला नशे के इंजेक्शन की आपूर्ति भी कर चुकी है। आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई अमल में लायी जा रही है।

Content Writer

Diksha kanojia