Purnagiri Fair: पूर्णागिरी मेले में पुलिस पर पथराव के आरोप में UP के दो दम्पत्ति गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jun 10, 2023 - 10:12 PM (IST)

Purnagiri Fair,  टनकपुर/नैनीताल/मुरादाबाद: उत्तराखंड के पूर्णागिरी धाम में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर पथराव करने के आरोप में टनकपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के दो दम्पत्ति को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार इन दिनों पूर्णागिरी धाम में ऐतिहासिक मेला संचालित हो रहा है। इन दिनों विभिन्न प्रदेशों के श्रद्धालु यहां दर्शन के लिये आते हैं।

बता दें कि मुरादाबाद उप्र के अमरपुर थाना बिलारी निवासी मनोज कुमार एवं अशोक कुमार अपनी पत्नियों क्रमश: जूली व निशा के साथ शनिवार को मंदिर में दर्शन को आये थे। इसी दौरान शारदा घाट पर तैनात पुलिस के जवान अर्जुन सिंह एवं पंकज कुमार ने दोनों दम्पत्ति को शारदा घाट में तेज बहाव वाले प्रतिबंधित क्षेत्र में स्नान करने से रोका। बताया जा रहा है कि चारों ने आवेश में आकर पुलिस के जवानों के साथ गाली गलौज के साथ ही पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में सिपाही अर्जुन सिंह घायल हो गया। उसे उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 332, 353, 504, 336 के तहत अभियोग पंजीकृत कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कारर्वाई अमल में लायी जा रही है। गौरतलब है कि शारदा घाट में तेज बहाव वाले प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने से कई श्रद्धालु अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिये यहां पर पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया गया।

Content Writer

Mamta Yadav