उत्तराखंड को केंद्र सरकार की सौगात, केंद्रीय राज्य मंत्री ने दी राज्य को कई योजनाएं
punjabkesari.in Monday, Jan 22, 2018 - 05:16 PM (IST)
देहरादून(कुलदीप रावत): उत्तराखंड में वन और पर्यावरण राज्य मंत्री महेश शर्मा ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के साथ रविवार को बैठक की। मुख्यमंत्री ने इस बैठक में महेश शर्मा के साथ राज्य के महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत की। इसमें अधिकारियों के साथ मिलकर सीएम ने राज्य के विकास के लिए कई मामलों पर अपनी मांगें वन और पर्यावरण मंत्री के सामने रखी।
इस बैठक में महेश शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड में केंद्र सरकार के द्वारा जल्द ही वीर चंद्र सिंह गढ़वाली म्यूजियम की स्थापना की जाएगी। इस म्यूजियम के लिए भूमि राज्य सरकार के द्वारा दी जाएगी और इस पर निर्माण कार्य केंद्र सरकार के द्वारा किया जाएगा। यह म्यूजियम 20 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इसके साथ-साथ टिहरी में मां गंगा का भव्य म्यूजियम बनाया जाएगा और इस म्यूजियम की लागत 15 करोड़ रुपए है। इसके साथ ही अल्मोड़ा जिले में पंडित उदय शंकर एकेडमी के नाम से भी एक म्यूजियम बनाया जाएगा।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री @dr_maheshsharma जी से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। देहरादून में बनने वाली साइंस सिटी के लिए केंद्र सरकार 100% फंडिंग करेगी।पौड़ी में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली म्यूजियम, टिहरी में गंगा म्यूजियम व अल्मोड़ा में उदय शंकर म्यूजियम बनाने पर सहमति बनी है। pic.twitter.com/NUqKhtRubx
— Trivendra S Rawat (@tsrawatbjp) January 21, 2018
पर्यावरण राज्य मंत्री ने बताया कि इन तीनों प्रोजेक्टों पर 31 मार्च से पहले काम शुरु कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त वन विभाग के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाली सड़क कड़ी मार्ग का भी काम जल्द ही शुरु कर दिया जाएगा। इसे लंबित पड़े प्रोडेक्ट को पूरा किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण से उत्तराखंड की गाड़ियों को यूपी से होकर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही रोड के बनने से 50 किमी तक लंबा सफर कम हो जाएगा। सीएम ने महेश शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन प्रोजेक्टों पर जल्द ही काम शुरु कर दिया जाएगा।