उत्तराखंड पहुंची केंद्रीय मंत्री, पौधारोपण कर दो परियोजनाओं का किया शुभारंभ

punjabkesari.in Wednesday, Feb 21, 2018 - 02:16 PM (IST)

उत्तरकाशी(आशीष मिश्रा): उत्तराखंड में पेयजल और स्वच्छ मंत्रालय केंद्रीय मंत्री उमा भारती अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर है। उत्तरकाशी पहुंचने पर भाजपा ने उनका जोरदार स्वागत किया। चिन्यालीसौड़ के गैस्ट हाऊस में स्वागत समारोह के बाद केंद्रीय मंत्री ने धंरासू स्थित वन विभाग की नर्सरी का निरीक्षण किया। 

नमामि गंगे नर्सरी का किया निरीक्षण 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस नर्सरी में वन विभाग की ओर से नमामि गंगे परियोजना के अन्तर्गत 3 लाख 80 हजार पौधे तैयार किए गए है, जिनमें से वर्ष 2016-17 में लगभग 1 लाख 75 हजार पौधे रोपित किए जा चुके है। उन्होंने निरीक्षण के उपरान्त वन विभाग की चौकी परिसर में रूद्राक्ष का पौधा भी लगाया। केंद्रीय मंत्री के साथ राज्य के कबिनेट मंत्री प्रकाश पंत भी मौजूद थे। 

केंद्रीय मंत्री ने किया पौधारोपण 
उमा भारती ने कहा कि नमामि गंगे योजना के अन्तर्गत गंगा के दोनों ओर बृहद पौधे रोपण किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गंगा की अविरल धारा बनाए रखने के लिए प्रत्येक संभव कार्य करने की आवश्यकता है। नमामि गंगे योजना के अन्तर्गत गंगोत्री में मॉडल वाटिका तैयार की गई है। 

योजनाओं का किया शिलान्यास 
पेयजल और स्वच्छता मंत्री ने वीरपुर डुण्डा में आयोजित कार्यक्रम में गंगा ग्राम बगोरी परियोजना के अन्तर्गत ठोस और तरल अवशिष्ट प्रबंधन योजना लागत 11 लाख 88 हजार का शिलान्यास किया। इसके साथ-साथ स्वजल पायलेट परियोजना के अन्तर्गत 32 लाख 90 हजार की योजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर स्वच्छ आइकानिक स्थानों में गंगोत्री का भी शुभारंभ किया।