गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड, विधानसभा में लगी मुहर

punjabkesari.in Thursday, Sep 20, 2018 - 11:34 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में विधानसभा का मॉनसून सत्र मंगलवार से चल रहा है। सत्र के दूसरे दिन सदन में गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग को उठाया गया, जिस पर राज्य विधानसभा के द्वारा मुहर लगा दी गई। 

जानकारी के अनुसार, देवभूमि से गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग पर विधानसभा के द्वारा मुहर लगा दी गई है। राज्य सरकार की तरफ से प्रस्तुत संकल्प को सर्वसम्मति से पारित करने के बाद अब इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। पशुपालन राज्यमंत्री रेखा आर्या के द्वारा बुधवार को सदन में संकल्प पेश किया गया कि यह सदन भारत सरकार से आग्रह करता है कि गाय के राष्ट्रमाता घोषित किया जाए। उन्होंने गाय के आर्थिक, धार्मिक, वैज्ञानिक, सामाजिक और आध्यात्मिक महत्व को भी रेखांकित किया। रेखा आर्या ने कहा कि हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया जाता है और गाय का दूध माता के दूध के विकल्प भी है। उन्होंने कहा कि गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलने पर इस कानून को भी बल मिलेगा। 

वहीं इस फैसले पर नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि गाय को हम माता मानते हैं लेकिन सरकार यह भी स्पष्ट करे कि गाय को राष्ट्रमाता बनाकर सरकार क्या संदेश देना चाहती है। इंदिरा हृदयेश ने कहा कि सरकार के द्वारा गोवंश की दुर्दशा को रोकने के लिए क्या प्रबंध किए गए हैं। इस मामले पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सभी गोमाता में आस्था रखते हैं। उन्होंने कहा कि गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने का हम स्वागत करते हैं। बता दें कि गाय को राष्ट्रमाता का सम्मान देने का संकल्प पारित करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है।

Nitika