सहारनपुर पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व CM हरीश रावत, कहा- 'राहुल लाओ-देश बचाओ'

punjabkesari.in Saturday, Apr 28, 2018 - 09:57 AM (IST)

सहारनपुरः सहारनपुर पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि 1979 में जिस प्रकार चुनौती पूर्ण स्थिति में कांग्रेस लाओ का नारा लगा था, उसी प्रकार दिल्ली में होने वाली रैली में नया नारा 'राहुल लाओ, देश बचाओ' लगाया जाएगा।

देश में चल रहा 'वन मैन शो'
बता दें कि, हरीश रावत निजी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए सहारनपुर पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष जावेद साबरी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने चिंता जताई कि संवैधानिक संस्थाओं को सुनियोजित तरीके से नष्ट करने का प्रयास हो रहा है। इससे लोकतंत्र के चारों स्तंभ खतरे में हैं। देश में वन मैन शो चल रहा है। संयुक्त उत्तरदायित्व खत्म हो रहा है। सब श्रोता बनकर रह गए हैं।

संयुक्त उत्तरदायित्व हो रहा खत्म
उन्होंने कहा कि संसद में अनुचित तरीके से अविश्वास प्रस्ताव लाने से रोका गया। लोकतंत्र में जनता के मुद्दे उठाने का अविश्वास प्रस्ताव एक मात्र हथियार है। भाजपा ने अपने सहयोगी दलों के माध्यम से संसद चलने नहीं दी और आरोप कांग्रेस पर लग रहे हैं। अविश्वास प्रस्ताव को अनुमति दी जानी चाहिए थी। सदन में उस पर चर्चा होती, लेकिन पोल खुलने के डर से अविश्वास प्रस्ताव को अनुमति प्रदान नहीं की। उन्होंने दावा किया कि 2019 में भाजपा को बुरी तरह से परास्त किया जाएगा।

कांग्रेस का जनाधार तेजी से बढ़ रहा
कई प्रदेशों के चुनाव में लगातार हार के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि हार-जीत का मतलब नहीं है। कांग्रेस का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। आज आरएसएस अपने मुद्दों से हटती जा रही है। वहीं सहारनपुर को उत्तराखंड में मिलाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई तैयारी नहीं है और न ही कोई प्रस्ताव है, यह सिर्फ आरएसएस की चाल है। 

Deepika Rajput