उत्तराखंड पुलिस ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर हासिल की फतह

punjabkesari.in Sunday, May 20, 2018 - 02:47 PM (IST)

देहरादून/ब्यूरो। उत्तराखंड पुलिस ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह कर कीर्तिमान स्थापित किया है। पुलिस के छह सदस्यीय दल ने रविवार सुबह आठ बजे एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया। एवरेस्ट फतह करने वाले दल में मनोज जाेशी, विजेंद्र कुड़ियाल, रोशन, प्रवीण, योगेश रावत और सूर्यकांत शामिल हैं। पुलिस कर दूसरा दल आज रात चोटी फतह करने का प्रयास करेगा।

उत्तराखंड पुलिस का 15 सदस्यीय दल दो अप्रैल को माउंट एवरेस्ट फतह करने के लिये रवाना हुआ था। दल के चार सदस्य बेस कैंप में रुक गये थे, जबकि 11 सदस्यीय दल ने फतह अभियान जारी रखा। 11 सदस्यों में दो दल बनाये गये। एक दल में छह सदस्य और दूसरे दल में पांच सदस्य रखे गये। पहले दल ने 29028 फिट ऊंची चोटी को फतह करने में विजय हासिल की। वहीं, पांच सदस्यीय दूसरे दल के सुशील ऑक्सीजन की कमी के कारण वापस आ गये हैं। जबकि, दल के चार सदस्य नवनीत, संजय उप्रेती, रवि और वीरेंद्र विजय अभियान पर डटे हुए हैं। यह सदस्य मौसम अनुकूल होने पर आज रात चोटी फतह करने का प्रयास करेंगे।

एवरेस्ट फतह का यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल के निर्देशन में चलाया जा रहा है। गुंज्याल एसडीआरएफ बेस कैंप से दिशा-निर्देशन कर रहे हैं। पुलिस अपर महानिदेशक अशोक कुमार का कहना है कि एवरेस्ट फतह करना उत्तराखंड पुलिस की बहुत बड़ी उपलब्धि है। उम्मीद है रविवार रात को दूसरा दल भी चोटी फतह कर लेगा। यदि रविवार को सफलता नहीं मिली तो दल सोमवार रात को भी चोटी फतह करने का प्रयास करेगा।

Punjab Kesari