10 दिनों के लिए टली उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल

punjabkesari.in Saturday, Jan 18, 2020 - 11:09 AM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड परिवहन निगम की 18 दिसंबर की मध्यरात्रि से होने वाली हड़ताल फिलहाल टल गई है। निगम के प्रबंध निदेशक और परिवहन निगम के कर्मचारियों के बीच हुए समझौते के बाद कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को 10 दिनों तक टालने का निर्णय लिया है।

कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष कमल पपनै और महासचिव अशोक चौधरी ने शुक्रवार की रात यह जानकारी दी है। चौधरी ने बताया कि नवंबर और दिसंबर महीने के वेतन भुगतान और अन्य मांगों को लेकर परिवहन निगम के कर्मचारी असंतुष्ट थे। उत्तराखंड परिवहन कर्मचारी यूनियन ने 18 जनवरी की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया था। कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी में शुक्रवार को यूनियन की ओर से धरना एवं प्रदर्शन भी आयोजित किया गया। इस बीच उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन की ओर से निगम के प्रबंध निदेशक के साथ बातचीत की गई।

चौधरी ने बताया कि बातचीत में सहमति बनी कि नवंबर माह के वेतन का भुगतान जल्द कर दिया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अतिरिक्त 66 करोड़ रुपए की देनदारी के लिए सरकार से जल्द बातचीत की जाएगी। महासचिव ने बताया कि प्रबंध निदेशक से हुई सौहार्दपूर्ण वार्ता के बाद परिवहन निगम कर्मचारी यूनियन ने शनिवार मध्य रात्रि से होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल 10 दिन के लिए स्थगित कर दिया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static