मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले- उत्तराखंड को विकास के मामले में राज्य को बनाया जाएगा अग्रणी

punjabkesari.in Saturday, Jul 24, 2021 - 05:22 PM (IST)

 

नैनीतालः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को कुमाऊं मंडल के अपने पहले दौरे पर आए और उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विकास के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। प्रदेश को पर्यटन, उद्योग एवं ऊर्जा के क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। धामी बतौर मुख्यमंत्री आज पहली बार कुमाऊं मंडल के साथ ही अपने गृृह जनपद उधमसिंह नगर के दौरे पर आए। वह आज सुबह पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे रूद्रपुर के गांधी चौक पहुंचे। यहां से वह शहर के विभिन्न जगहों से रथ में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए पार्टी कार्यालय पहुंचे।

दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं लोगों में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया। पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए 22 हजार करोड़ रुपए की वृहद योजना स्वीकृत की है। इससे प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में विकास योजनायें संचालित की जा सकेंगी। धामी ने इस दौरान कार्यकर्ताओं के उत्साह को हाथोंहाथ लिया और उनमें जोश भरते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से मिशन 2022 के लिये कमर कसने और जुटने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि माथे की लकीरों को कोई नहीं मिटा सकता है। वे जब दुबारा विधायक बने तो उन्हें इच्छा के विपरीत मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई। फिर प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी मिलने की उम्मीद जगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया परंतु पार्टी ने उन्हें सीधे राज्य का मुख्य सेवक बना दिया। अपने दौरे पर उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कुछ किसानों की ओर से विरोध किया गया लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया। मुख्यमंत्री के साथ दौरे पर जिला के प्रभारी मंत्री यतीश्वरानंद, परिहवन मंत्री यशपाल आर्य, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे, उधमसिंह नगर जनपद के सभी विधायक राजकुमार ठुकराल (रूद्रपुर), राजेश शुक्ला (किच्छा), प्रेम प्रकाश सिंह राणा (नानकमत्ता), हरभजन सिंह चीमा (काशीपुर) व भाजपा के उधमसिंह नगर के जिलाध्यक्ष शिव अरोरा मौजूद रहे।

Content Writer

Diksha kanojia