बंशीधर भगत की पद संभालते ही सरकार को नसीहत- शीघ्र भरे जाने चाहिए मंत्रिमंडल के खाली पद

punjabkesari.in Friday, Jan 31, 2020 - 10:34 AM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड में भाजपा के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने पद संभालते ही सरकार को नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल के खाली पदों को जल्द भरा जाना चाहिए।

भगत ने कुमाऊं दौरे पर हल्द्वानी में कहा कि इस मामले में और देरी नहीं की जानी चाहिए। वह इस मामले में मुख्यमंत्री से जल्द चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह संगठन के शीर्ष नेताओं के साथ मिल बैठकर भी आगे की रणनीति के लिए चिंतन मनन करेंगे। भगत ने स्पष्ट किया कि वह पार्टी का विस्तार अकेले नहीं बल्कि सामूहिक विचार विमर्श के बाद करेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद वह पहली बार अपने गृह क्षेत्र हल्द्वानी पहुंचे थे। उनके हल्द्वानी आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर खैरमकदम किया। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर वह गदगद हो गए और उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की आत्मा हैं और उनके कार्यकाल में कार्यकर्ताओं का सम्मान उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

भगत ने अगले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पार्टी के लिए लक्ष्य तय कर दिया है और कहा कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में 57 से बढ़ाकर 60 सीट करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने इसके लिए कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई की और कहा कि कार्यकर्ताओं को अभी से जनता के बीच जुट जाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं को वह पहली प्राथमिकता देंगे और संबद्ध मंत्रियों के साथ मिल बैठकर कार्यकर्ताओं की समस्याओं का निराकरण करवाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के खिलाफ होने वाली किसी भी गतिविधि से वह सख्ती से निपटेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी गतिविधियों में लिप्त होने वाले को वह तुरंत बाहर का रास्ता दिखाएंगे। भगत आगामी 5 फरवरी को मुख्यमंत्री से बतौर अध्यक्ष पहली बार मुलाकात करेंगे।

बता दें कि उत्तराखंड में मंत्रियों के 3 पद खाली चल रहे हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत ने शुरू से ही 2 पदों को रिक्त रखा था जबकि तीसरा पद कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के दिवंगत होने बाद खाली हो गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static