IIP दीक्षांत समारोह में बोले उपराष्ट्रपति, कहा- शिक्षा को रोचक के साथ तकनीक के अनुरूप बनाना होगा

punjabkesari.in Saturday, Jul 14, 2018 - 04:21 PM (IST)

देहरादूनः उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू अपने एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को उत्तराखंड पहुंचे। जहां उनका स्वागत मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्य सचिव और डीजीपी ने किया। 

दुनिया में बढ़ा देश का मानः उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू
इस दौरान उपराष्ट्रपति ने आईआईपी में आयोजित इक्फाई विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में संबोधन के दौरान कहा कि दुनिया में देश का मान बढ़ा है। हमें इन अवसरों का उपयोग देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में करना चाहिए। शिक्षा को रोचक के साथ ही नए ज्ञान व तकनीक के अनुरूप बनाना होगा। हमारे विश्वविद्यालय विश्व के श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों की सूची में अपना स्थान नहीं बना सके हैं। इसे हमें एक बड़ी चुनौती के तौर पर लेना चाहिए। छात्रों को कुछ समय गांवों में बिताना चाहिए। उन्हें स्वच्छ भारत आदि राष्ट्रीय महत्व की योजनाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। 

अवसर के साथ ही छात्रों के पास हैं अनेक चुनौतियां 
उपराष्ट्रपति ने उपाधि धारक छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि छात्रों को यह ज्ञान होना चाहिए कि नवीन ज्ञान तक कैसे पहुंचा जाए। कैसे उसे जीवन में ग्रहण किया जाए। समन्वय, सहयोग व प्रतिस्पर्धा की भावना हो। आज दुनिया बड़ी तेजी से आगे बढ़ रही है और कड़ी प्रतिस्पर्धा है। आज लिबराईजेशन, प्राइवेटाईजेशन व ग्लोबलाइजेशन (एल.पी.जी) का युग है। आज छात्रों के समक्ष अनेक अवसर होने के साथ ही अनेक चुनौतियां भी हैं। विश्वविद्यालयों को इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए छात्रों को शिक्षा देनी चाहिए। 

भारत बना दुनिया की छठी बड़ी अर्थव्यवस्था 
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की छठी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुधारों को ठोस तरीके से लागू कर रहे हैं। कई तरह की चुनौतियां आती हैं और इन पर विजय भी प्राप्त की जाती है। जैसे कि जीएसटी लागू करते समय कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की गई परंतु अब यह हमारी अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है। बड़े पैमाने पर आर्थिक व सामाजिक सुधार की योजनाएं प्रारम्भ की गई हैं। सभी देश आज भारत की ओर देख रहे हैं। 
 

Deepika Rajput