विनोद चमोली पर महिला सफाई कर्मियों ने लगाया अभद्रता का आरोप, हंगामा

punjabkesari.in Thursday, May 03, 2018 - 09:03 PM (IST)

देहरादून: मेयर और धर्मपुर से विधायक विनोद चमोली नगर निगम से जाते-जाते भाजपा के नरेंद्र मोदी और अमित शाह के दलितों के यहां मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और भाजपा नेताओं के प्रवास और भोजन के अभियान के गुब्बारे में छेद कर ही गए। लगातार दो बार मेयर और एक बार चेयरमैन रह चुके विनोद चमोली का नगर निगम में कार्यकाल का वीरवार को अंतिम दिन था। निगम में संविदा नियुक्ति की मांग कर रही महिला सफाई कर्मियों से उनकी झड़प हो गई। इसको लेकर सफाई कर्मचारियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। वे मेयर के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

 

यह सब उस समय हुआ, जब लगातार उत्तराखंड भाजपा के जनप्रतिनिधि और नेता दलितों के यहां जाकर भोजन कर रहे हैं और इसे सरकार व संगठन प्रचारित करने में जुटे हैं। नगर निगम में आउटसोर्स एजेंसी के सफाई कर्मचारी संविदा पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। वीरवार को यूनियन के बुलावे पर नगर निगम पहुंचे थे। शाम करीब पांच बजे कर्मचारी मेयर कार्यालय के बाहर सीढ़ियों पर बैठ गए। हो-हल्ला सुनकर चमोली कर्मचारियों से वार्ता करने पहुंच गए। इस दौरान कुछ महिला सफाई कर्मचारियों ने उन पर नियुक्ति में देरी के आरोप लगाए। चमोली महिला सफाई कर्मचारियों से उलझ गए। 

 

कर्मचारियों ने मेयर पर अभद्रता का आरोप लगाकर हंगामा किया, तो वे अपने कमरे में चले गए। बाद में भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल समेत अन्य नेता भी नगर निगम पहुंच गए। यूनियन के नेताओं को लेकर दोनों पक्षों में वार्ता शुरू हुई। मेयर ने आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया जाएगा। वे सरकार के सामने इस मामले को उठाएंगे। वहीं, पार्षद सतीश कश्यप ने बताया कि बाद में सभी कर्मचारियों ने मेयर को विदाई दी।

 

विदाई में पहुंचे गिनती के पार्षद
मेयर ने यों तो विदाई समारोह के आयोजन को लेकर मना किया था। बावजूद इसके ब्रहमपुरी के पार्षद सतीश कश्यप की ओर से धर्मपुर क्षेत्र के पार्षदों को बुलाकर उनकी विदाई का सूक्ष्म कार्यक्रम आयोजित किया गया। हालांकि, इस विदाई समारोह में शहर के दूसरे पार्षदों ने दूरी बनाए रखी। दिन में भाजपा के ही कई पार्षद नगर निगम पहुंचे, लेकिन शाम के समय इनमें से कोई निगम नहीं पहुंचा। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं, निगम से जाते समय मेयर भावुक नजर आए। उनकी आंखें इस दौरान नम हो गईं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News

static