सातवें वेतनमान की मांग को लेकर हड़ताल पर निगम कर्मी, सफाई व्यवस्था बेपटरी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 22, 2017 - 10:37 AM (IST)

देहरादून: सातवें वेतनमान की मांग को लेकर मंगलवार से नगर निगम के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। इस कारण शहर में सफाई व्यवस्था से लेकर जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाने और भवन कर जमा करना आदि कामकाज पूरी तरह से ठप्प पड़ गया है। 

हड़ताल का सबसे बड़ा असर शहर के वार्डों में देखने को मिल रहा है। मंगलवार को कर्मचारियों ने वार्डों में सफाई आदि का काम नहीं किया। बुधवार से हड़ताल के कारण व्यवस्थाएं और लडख़ड़ाने के आसार हैं। उधर, कर्मचारियों ने एलान किया है कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। मंगलवार को नगर निगम कर्मचारियों ने नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नाम बहादुर के नेतृत्व में निगम में तालाबंदी कर दी। इसके बाद कर्मचारी निगम परिसर में एकत्र हुए और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

अध्यक्ष नाम बहादुर ने कहा कि निगम कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। एक तरफ राज्य कर्मचारियों एवं अन्य निगमों में सातवें वेतनमान का भुगतान दीपावली से पहले किया जा चुका है तो दूसरी ओर नगर निगम कर्मियों की उपेक्षा की जा रही है।