यमुनोत्री के खुले कपाट, चारधाम यात्रा शुरू

punjabkesari.in Tuesday, May 07, 2019 - 05:26 PM (IST)

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गएऔर इसी के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा का आरंभ हो गया। गढ़वाल हिमालय के चारधामों के नाम से प्रसिद्ध दो अन्य धामों, केदारनाथ के कपाट नौ मई को जबकि बदरीनाथ के कपाट 10 मई को खुलेंगे। विधिवत हवन, पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मां गंगा के धाम गंगोत्री के कपाट पूर्वाहन 11.30 बजे खोल दिए गए। कपाट खुलने के अवसर पर बीसियों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद थे जिन्होंने मां गंगा के जयकारे लगाए।

PunjabKesari

इस मौके पर गढ़वाल आयुक्त डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम आदि वरिष्ठ प्रशासनिक और धार्मिक अधिकारी मौजूद थे। वहीं, मां यमुना को समर्पित यमुनोत्री धाम के कपाट भी दोपहर बाद सवा बजे पर श्रद्धालुओं के लिये खोल दिये गये। केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी यमुनोत्री के निकट बर्नीगाड़ पहुंची जहां उन्होंने यमुना में स्नान किया। इससे पहले, यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से मां यमुना की भव्य रूप से सजाई गई डोली यमुनोत्री के लिए रवाना हुई। रवाना होने से पूर्व स्थानीय लोगों ने पारंपरिक लोक नृत्य किया। हर साल अप्रैल-मई में शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के शुरू होने का स्थानीय जनता को भी इंतजार रहता है।

PunjabKesari

छह माह तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु और पर्यटक जनता के रोजगार और आजीविका का साधन हैं और इसीलिए चारधाम यात्रा को गढ़वाल हिमालय की आर्थिकी की रीढ़ माना जाता है । चारों धामों के सर्दियों में भारी बर्फवारी और भीषण ठंड की चपेट में रहने के कारण उनके कपाट हर साल अक्टूबर-नवंबर में श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाते हैं जो अगले साल दोबारा अप्रैल-मई में फिर खोल दिए जाते हैं। 

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static