18 को खुलेंगे यमुनोत्री धाम के कपाट

punjabkesari.in Tuesday, Apr 17, 2018 - 10:37 AM (IST)

बड़कोट: उत्तराखंड में यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तैयारियां जोरों पर हैं। यमुनाघाटी में डामटा से लेकर जानकीचट्टी तक जहां होटल और ढाबे सजने लगे हैं, वहीं मां यमुना के मायके खरसाली (खुशीमठ) में साफ-सफाई के साथ साज-सज्जा की जा रही है, ताकि मां यमुना को धूमधाम से मायके से विदाई दी जा सके। 

जानकारी के अनुसार, 2013 की आपदा के बाद से कुछ सालों तक चारधाम यात्रा जहां बुरी तरह से प्रभावित हुई थी, वहीं अब यात्रा बीते 2-3 सालों से चरम पर आने से यात्रा रूट से जुड़े व्यवसायियों में खुशी का माहौल है। डामटा से लेकर जानकीचट्टी और बड़कोट-धरासू के बीच होटल व ढाबे चमकने लगे हैं, जिससे यात्रा रूटों पर रंगत लौट आई है। यमुना के मायके खरसाली को विदाई के लिए दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। मां यमुना के भाई शनि देव के मंदिर को सजाने का काम किया जा रहा है। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर मां यमुना के भाई शनि देव की अगुवाई में यमुनोत्री धाम के लिए विदा किया जाएगा। 

बता दें कि अक्षय तृतीया के दिन 18 अप्रैल से यमुनोत्री धाम के कपाट ठीक सवा 12 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष बागेश्वर उनियाल का कहना है कि यमुना की विदाई की तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। गांव की महिलाएं और क्षेत्र के लोग इस दिन के लिए कमर कस चुके हैं। पहली बार यमुना की विदाई खरसाली में नव-निर्मित यमुना मंदिर से होगी। इससे पूर्व में यमुना का वास गांव के ही राजराजेश्वरी मंदिर में हुआ करता था।

Punjab Kesari