उत्तरकाशीः डीएम की मांग, केदारनाथ की तर्ज पर हो यमुनोत्री धाम का पुनर्निर्माण

punjabkesari.in Friday, Jul 20, 2018 - 12:16 PM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी क्रम में उत्तरकाशी के यमुनोत्री धाम में मंदिर परिसर की दीवार को भारी नुकसान पहुंचा हैं। 

डीएम ने आपदा से हुए नुकसान का लिया जायजा 
जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी जिले में बारिश से भीषण आपदा आने के कारण यमुनोत्री धाम में मंदिर परिसर की दीवार स्नान घाट स्नान कुंड को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाला पैदल पुल भी बह गया है। भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि धाम में मौजूद पुजारियों सहित अन्य लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर जाकर अपनी जान बचाई। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मौके पर पहुंचकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इसके साथ ही आपदा से हुए नुकसान की रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी गई। डीएम ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि यमुनोत्री धान का पुनर्निर्माण भी केदारनाथ के तर्ज पर ही होना चाहिए।

धाम के पुनर्निर्माण को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक 
इसके साथ ही डीएम ने यमुनोत्री धाम के पुनर्निर्माण को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर से आगे क्षतिग्रस्त हुए ट्रैक को ठीक करवाने का काम शुरू करवा दिया गया है। डीएम ने कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर इस मार्ग को ठीक करवा दिया जाएगा। वहीं आशीष चौहान ने कहा कि स्वच्छ आईकॉनिक प्लेस यमुनोत्री धाम के सौन्दर्यीकरण में सहयोग कर रही गेल कंपनी के साथ एक सप्ताह के भीतर बैठक का आयोजन किया जाएगा। 

Nitika