16वें दिन भी नहीं खुल सका यमुनोत्री हाईवे

punjabkesari.in Wednesday, Sep 27, 2017 - 10:48 AM (IST)

बड़कोट: यमुनोत्री हाईवे 16वें दिन भी डबरकोट में पहाड़ी दरकने से बंद पड़ा है, जबकि यमुनोत्री की ओर 5 दर्जन से अधिक फंसे यात्री वाहनों के निकलने की अभी कोई सम्भावना नहीं है। सड़क खुलने के बाद ही वाहन यहां से निकल पाएंगे।

डबरकोट में पहाड़ी दरकने से 16वें दिन भी यमुनोत्री हाईवे पूरी तरह से बंद रहा। पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने कारण चालक के जे.सी.बी. चलाने से मना करने के कारण वैकल्पिक सड़क निर्माण का कार्य भी ठप्प पड़ गया है, जबकि यमुनोत्री में यात्रियों की सुचारू आवाजाही वैकल्पिक त्रिखल-कुंसाला होते हुए पैदल मार्ग से करवाई जा रही है।

दूसरी ओर हाईवे बंद होने कारण यमुनोत्री की ओर से यात्रियों के 60 से अधिक वाहन फंसे हैं। वाहनों को निकालने के लिए यात्रा वाहनों के चालक सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। सड़क कब तक खुलेगी इसे लेकर कोई सुनिश्चित नहीं है। सड़क ना खुलने के कारण वाहन स्वामियों को भारी नुक्सान व परेशानी झेलनी पड़ रही है। 

हो रहा वैकल्पिक सड़क का निर्माण एस.डी.एम. 
एस.डी.एम. मनुज गोयल का कहना है कि देश के विभिन्न स्थानों के यात्रियों के 5 दर्जन से अधिक वाहन यमुनोत्री की ओर हाईवे बंद होने कारण फंसे पड़े हैं। वैकल्पिक सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसमें पहाड़ी से गिरते बोल्डर अवरोध पैदा कर रहे हैं। सड़क तैयार होने के बाद ही वाहनों को निकाला जा सकेगा। उन्होंने कहा कि फंसे वाहन के चालकों व परिचालकों के खाने व रहने की व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। वैकल्पिक सड़क मार्ग को तैयार करने पर पूरे प्रशासन का जोर है। किसी भी तरह की परेशानी आड़े नहीं आएगी।