उत्तरकाशीः मलबा गिरने से सवा घंटे तक बंद रहा यमुनोत्री हाईवे, दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी कतारें

punjabkesari.in Friday, Apr 19, 2019 - 02:27 PM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने में कुछ ही समय शेष रह गया है। इसी के चलते प्रशासन के द्वारा ताबड़तोड़ तैयारियां की जा रही हैं। वहीं सड़क पर मलबा आने के कारण लगभग सवा घंटे तक यमुनोत्री हाईवे पर बंद रहा, जिसे प्रशासन के द्वारा फिर से सुचारु कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री हाईवे पर शुक्रवार सुबह छटागाधार में पहाड़ी से सड़क पर मलबा आ गया। इसके कारण यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। प्रशासन के द्वारा कड़ी मशक्कत कर सवा घंटे के बाद यमुनोत्री हाईवे को सुचारू कर दिया गया। वहीं चमोली बाजार के पास बद्रीनाथ हाईवे पर चट्टान तोड़ने का कार्य चल रहा है, जिस कारण से हाईवे संकुचित हो गया है। इसी के चलते हाईवे पर घंटों जाम लगा रहता है।

बता दें कि पुलिस प्रशासन की ओर से छोटे वाहनों की आवाजाही चमोली-कोठियालसैंण-नंदप्रयाग मोटर मार्ग से करवाई जा रही है, जबकि बड़े वाहनों की आवाजाही बद्रीनाथ हाईवे से ही एक-एक घंटे के बाद करवाई जा रही है। इसके साथ ही चमोली की जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचा विकास) को 30 अप्रैल तक हिल कटिंग कार्य खत्म करने के निर्देश दिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static