वाराणसी पहुंचे PM मोदी, कहा- सर्जिकल स्ट्राइक के बाद देश ने मनाई छोटी दिवाली

punjabkesari.in Monday, Oct 24, 2016 - 06:17 PM (IST)

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेना के मनोबल को बढ़ाने के लिए देशवासियों से दीपावली पर सैनिकों को संदेश भेजने का आह्वान किया है। मोदी ने आज यहां सात योजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास करने के बाद कहा कि 29 सितंबर को देश की सेना ने पराक्रम दिखाया तो देश झूम उठा। काशीवासियों ने उस दिन छोटी दीवाली मना ली। गंगा आरती सैनिकों को समर्पित कर दिया। सेना के इस सम्मान से वह यहां का सांसद होने के नाते खुशियों से झूम उठे। कई वर्षों के बाद सवा सौ करोड़ देशवासी जवानों को विश्वास दिलाने में सफल रहे कि आप अकेले नहीं हैं, पूरा देश आपके पीछे खड़ा है। 

‘जवानों को शुभकामना भेजकर मनोबल बढ़ाएं’
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब बड़ी दीवाली मनाने जा रहे हैं। अंधेरा हटाएंगे, रोशनी लाएंगे। यह तभी संभव होगा जब किसी का लाल सीमा पर तैनात रहकर देश के लिए अपने-आप को खपा रहा होगा। उन्होंने कहा कि वह काशी की धरती से आह्वान करते हैं कि जिस तरह से दीपावली में अपनों को शुभकामनाएं देते हैं, उसी तरह सेना के जवानों को शुभकामना भेजकर उनका मनोबल बढ़ाएं। शुभकामनाएं सेना के तीनों अंगों के साथ ही अर्धसैनिक बलों को भी जानी चाहिए। 

1922 पर करें मिस कॉल
उन्होंने संदेश भेजने के लिए नंबर भी बताया। मोबाइल से 1922 पर मिस कॉल करना पड़ेगा। इसके बाद एक मेसेज आएगा जिस पर ‘नरेन्द्र मोदी एप’ डाउनलोड कर उसमें शुभकामना संदेश लिखना होगा जो सेना के जवानों तक पहुंचेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा में लगे जवानों को हर पल लगना चाहिए कि देशवासी उन पर अभिमान करते हैं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई देशों में सैनिक हवाई जहाज या रेल से जा रहे हों तो लोग खड़े होकर उनका गौरवगान करते हैं। इसके उलट अपने देश में जब कोई घटना होती है तो देशभक्ति उमड़ पड़ती है लेकिन धीरे-धीरे वह भी ठंडी हो जाती है। सेना के प्रति सम्मानजनक स्थिति हमेशा बनी रहनी चाहिए। 

Up Hindi News की अन्य खबरें पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें