बाढ़ से अब तक 10 लोगों की मौत, हैलीकॉप्टर से की जा रही पीड़ितों की मदद

punjabkesari.in Sunday, Aug 28, 2016 - 12:18 PM (IST)

वाराणसी: वाराणसी में भयानक बाढ़ में 10 लोंगो की मौत हो चुकी है। वाराणसी में 7 लाख बाढ़ प्रभावितों को सरकारी मशीनरी व समाज सेवी संस्थाएं राहत सामग्री बांट रही हैं। लेकिन बाढ़ पीडितों की राहत सामग्री व राहत शिविर में सरकारी खर्च के नाम पर लूट मचा रखी है। गंगा की बाढ़ 2 घंटे में एक सेमी. घट रही है। लेकिन परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही है। वरूणा घाट नैपूरा गांव, सामने घाट में 3 लोगों की डूबने से मौत हो गई। जमानियां इलाके में बाढ़ से 7 लोगों व 11 बेजुवानों की मौत हो चुकी है। 

जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय कार्यालय के माध्यम से हजारों बाढ़ पीड़ितों को रोजाना मदद दी जा रही है। चावल, आटा, दाल, आलू, दूध, मिठाई, कपड़े, दवाइयां समेत जरूरत की तमाम चीजें बाढ़ में घिरे लोगों को भारतीय जनता पार्टी  के कार्यकर्त्ता जरूरतमंदों तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं। 

सूत्रों ने बताया कि संसदीय कार्यालय की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय के माध्यम से मोदी को राहत एवं बचाव कार्यों की रिपोर्ट नियमित तौर पर भेजी जा रही है। रोजाना यह बताया जाता है कि कितने लोगों ने संसदीय कार्यालय स्थित नियंत्रण कक्ष में कॉल कर मदद मांगी और कितनों को राहत समाग्री पहुंचाई गई। बाढ़ पीड़ितों की सेवा के लिए रवीन्द्रपुरी स्थित संसदीय कार्यालय में बने नियंत्रण कक्ष में चौबीसों घंटे पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहते हैं। 

शिफ्ट के मुताबिक जिले के पार्टी वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर पर कॉल आते ही पार्टी पदाधिकारी तत्काल मदद के लिए रवाना हो जाते हैं या फिर उस क्षेत्र में मौजूद पदाधिकारियों को तत्काल राहत पहुंचाने का निर्देश दिया जाता है। पीड़ितों की मदद के लिए पार्टी ने वाराणसी के अपने तमाम वर्तमान एवं पूर्व विधायकों, विधान पार्षदों, निगम पार्षदों जगह-जगह तैनात किया है। 

वहीं बाढ़ राहत शिविरों में व्यापक खामियां मिली हैं, जिन्हें ठीक किया गया है। उन्होंने बताया कि पर्याप्त नाव न होने की वजह से बाढ़ में फसे लोगों तक राहत सामग्री नहीं पहुंच रही है। वाराणसी के कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने बाढ़ राहत कार्य का जायजा लेने के लिए सेना के हैलीकॉप्टर से आपदा राहत सामग्री का वितरण किया।