Bihar Election 2025: सपा की स्टार प्रचारक लिस्ट में आजम खान की एंट्री, शिवपाल यादव बाहर... अखिलेश की नई रणनीति पर मची सियासी हलचल

punjabkesari.in Saturday, Oct 25, 2025 - 02:36 AM (IST)

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार को अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इस लिस्ट में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और लंबे समय बाद सियासत में वापसी करने वाले आजम खान का नाम शामिल किया गया है।

आजम खान की ‘सियासी वापसी’ से हलचल/ Bihar Election 2025
करीब दो साल जेल में बिताने के बाद आजम खान को पिछले महीने सीतापुर जेल से जमानत मिली थी। अब सपा ने उन्हें बिहार चुनाव प्रचार में उतारने का फैसला लिया है, जो उनकी रिहाई के बाद पहली बड़ी राजनीतिक एंट्री मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, आजम खान बिहार में गठबंधन प्रत्याशियों के लिए अल्पसंख्यक वोटों को साधने की रणनीति के तहत प्रचार कर सकते हैं। यह कदम सपा और INDIA गठबंधन दोनों के लिए अहम माना जा रहा है।

शिवपाल और रामगोपाल यादव लिस्ट से बाहर/ Bihar Election 2025
इस सूची में सबसे बड़ा नाम जो गायब है, वह है शिवपाल यादव, अखिलेश यादव के चाचा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के संस्थापक। इसी तरह रामगोपाल यादव को भी स्टार प्रचारकों में जगह नहीं दी गई है। राजनीतिक विश्लेषक इसे अखिलेश की नई रणनीति के रूप में देख रहे हैं, जिसमें वे सपा की युवा टीम और गठबंधन सहयोगियों पर ज्यादा भरोसा दिखा रहे हैं।

इन नेताओं को मिली जगह / Bihar Election 2025
सपा की 20 सदस्यीय स्टार प्रचारक सूची में कई दिग्गज और युवा चेहरे शामिल किए गए हैं। जिसमें डिंपल यादव, अफजाल अंसारी, अवधेश प्रसाद, बाबू सिंह कुशवाहा, नरेश उत्तम पटेल, लालजी वर्मा, रामाशंकर राजभर, राजीव राय, छोटेलाल खरवार, सनातन पांडे, इकरा हसन, प्रिया सरोज और लक्ष्मीकांत (पप्पू) निषाद। इसके अलावा किरणमॉय नंदा, तेज प्रताप सिंह यादव, ओमप्रकाश सिंह, काशीनाथ यादव और प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी को भी प्रचार अभियान की जिम्मेदारी दी गई है।

अखिलेश का बयान: “तेजस्वी पर भरोसा है”/ Bihar Election 2025
अजमेर के किशनगढ़ में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा- “मैं बिहार के सभी INDIA गठबंधन नेताओं को बधाई देता हूं जिन्होंने मिलकर तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा चुना है। मुझे विश्वास है कि बिहार की जनता इस बार उन्हें मौका देगी।”

बिहार चुनाव दो चरणों में/ Bihar Election 2025
बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर मतदान दो चरणों में होगा। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। सपा की लिस्ट जारी होने के बाद यह साफ हो गया है कि पार्टी अब बिहार में गठबंधन के प्रचार अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static