मायावती की राह पर अखिलेश- वैश्विक मंच पर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन से सहमत नहीं सपा

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 07:02 PM (IST)

लखनऊ: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मायावती के सुर में ही सुर मिलाया है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल मंच इस तरीके से विरोध प्रदर्शन करना ठीक नहीं है। इससे पहले मायावती ने कांग्रेस के इस तरीके के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई थी।

हालांकि समाजवादी पार्टी आईएनडीआईए गठबंधन में कांग्रेस के साथ है, लेकिन अखिलेश यादव ने वैश्विक मंच पर इस तरह के विरोध को उचित नहीं बताया। उन्होंने कहा कि जब किसी अंतरराष्ट्रीय आयोजन में दुनिया भर के डेलिगेट्स मौजूद हों, तब कपड़े उतारकर प्रदर्शन करना ठीक नहीं है। उनके मुताबिक, ऐसे कदम से देश और मेहमान देशों की छवि पर असर पड़ता है।

इससे पहले शनिवार को मायावती ने भी कांग्रेस के इस प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की थी। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की नीतियों का विरोध अलग मुद्दा है और राजनीतिक दल आपसी मतभेद अपने स्तर पर सुलझा सकते हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऐसा प्रदर्शन देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकता है।

सपा प्रमुख ने इस दौरान चीन के रोबोट और ‘मेक इन इंडिया’ से जुड़े एक कार्टून का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। हालांकि उन्होंने साफ किया कि विरोध के तरीकों पर उनकी असहमति है, भले ही राजनीतिक गठबंधन कायम हो।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static