4 साल की ये बच्ची घरों में करती है रामायण का पाठ, तस्वीरें देख रह जाएंगे हैरान
punjabkesari.in Wednesday, Aug 10, 2016 - 02:37 PM (IST)
लखनऊ: आप भी ये पढ़कर हैरान हो जाएंगे, लेकिन ये सच है। जिस उम्र में बच्चे खेलना, कूदना और मौज-मस्ती करना पंसद करते हैं उस उम्र में कई बच्चे ऐसे काम करके दिखा देते हैं जिसके बारे में किसी ने सुना नहीं होता। कुछ ऐसा ही लखनऊ की रहने वाली एक बच्ची ने कर दिखाया है। बता दें कि अनन्या वर्मा को रामायण कंठस्थ है। वह इतनी अच्छी अंग्रेजी पढ़ती है और उच्चारण इतना साफ है कि संस्कृत, हिन्दी व अंग्रेजी के कठिन से कठिन शब्दों का उच्चारण आसानी से करती है। यही वजह है कि अनन्या को सुपर वंडर गर्ल कहना गलत नहीं होगा।
अनन्या के घर पर लोगों का तांता लगा रहता है। उसके इस टैलेंट से रू-ब-रू होने के लिए मोहल्ले के ही नहीं आसपास के इलाकों से भी लोग आते हैं। ऐसा नहीं है कि अनन्या इस परिवार की पहली वंडर गर्ल है। इससे पहले अनन्या की बहन सुषमा वर्मा व भाई शैलेंद्र ने भी अपने हुनर का परचम फहराया है। तेज बहादुर वर्मा बताते हैं कि अनन्या शुरू से ही पढ़ाई में काफी रूची रखती थी। घर पर रामायण रखी हुई थी, इसलिए जब उसका पाठ होता तो अनन्या भी पढ़ने की कोशिश करती। इसी सिलसिले में उसे रामायण के काफी अंश मुंहजबानी याद हो गए। इतना ही नहीं उसकी आवाज इतनी साफ है कि जब मोहल्ले में रामायण पाठ होता है तो अनन्या को बुलाया जाता है।
अनन्या की मां ने बताया कि उसे टॉम एंड जेरी की नोकझोंक बहुत पसंद है। हिन्दी, अंग्रेजी व संस्कृत के कठिन से कठिन शब्द अनन्या की जुबान पर आते ही आसान व सरल बन जाते हैं। अनन्या देखने पर गुमसुम सी लगती है। लेकिन कुछ ही देर में वह सबसे ऐसे घुलमिल जाती है कि अपनी-सी लगने लगती है। परिजनों ने बताया कि अनन्या कभी भी किसी चीज के लिए जिद नहीं करती। हम उसकी हर ख्वाहिश पूरी करते हैं।

