₹1465 करोड़ का हाईवे और बीच सड़क हाईटेंशन खंभा! सिस्टम की ऐसी लापरवाही देख आप भी रह जाएंगे हैरान
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 07:58 AM (IST)
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से विकास और लापरवाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो किसी भी बड़े हादसे को दावत दे रही है। उन्नाव-रायबरेली नेशनल हाईवे-31 पर बीघापुर क्षेत्र में सर्विस लेन के बिल्कुल बीचों-बीच हाईटेंशन बिजली का खंभा खड़ा है। हैरान करने वाली बात यह है कि हाईवे का निर्माण पूरा हुए दो साल बीत चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की नींद अब तक नहीं टूटी है।
पावर हाउस और थाने के सामने अंधेरगर्दी
यह लापरवाही तब और भी गंभीर हो जाती है जब पता चलता है कि यह बिजली का पोल बीघापुर थाने और स्थानीय पावर हाउस से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। करीब 1465 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से बने इस हाईवे पर निर्माण कंपनी PNC और बिजली विभाग ने तालमेल की कमी के कारण इस खंभे को नहीं हटाया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हादसों को दावत: स्थानीय लोगों में आक्रोश
ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि सर्विस लेन के बीच खंभा होने की वजह से यहां आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। रात के अंधेरे में यह खंभा वाहन चालकों के लिए काल बन जाता है। स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन निर्माण कंपनी और बिजली विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालते रहे।
क्या कहता है प्रशासन?
मामला तूल पकड़ने के बाद अपर जिलाधिकारी (ADM) सुशील गौड़ ने इसे गंभीर लापरवाही माना है। उन्होंने कहा कि यह मामला संज्ञान में आया है। उप जिलाधिकारी (SDM) बीघापुर को पत्र लिखकर जल्द से जल्द पोल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यह वाकई बड़ी लापरवाही है जिससे जनहानि हो सकती है।

