खाने में मिलाई नींद की गोलियां, फिर घर से उड़ाए 1.29 करोड़... 14 अरेस्ट, 2 नाबालिग भी शामिल
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 12:25 PM (IST)
Hardoi News: हरदोई पुलिस ने एक व्यापारी के घर हुई बड़ी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए कथित रूप से इसमें शामिल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है और 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 1.29 करोड़ रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पूर्वी क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि 16 और 17 जुलाई की मध्य रात रेलवेगंज क्षेत्र निवासी व्यापारी पंकज अग्रवाल के घर चोरी हुई थी। इस दौरान बदमाश नकदी से भरे बैग चोरी कर लिए गए थे। उन्होंने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर उसके 3 घरेलू कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए विशेष अभियान समूह, विशेष हथियार एवं रणनीति दल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गईं।
गौतम ने कहा कि आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के भोजन में नींद की गोलियां मिला दी थीं। जब सभी लोग सो गए तो उन्होंने अपने साथियों को बुला लिया। उनके साथी मालवाहक वाहन से पहुंचे और नकदी से भरे बैग लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के दौरान आरोपियों को 1-1 कर गिरफ्तार किया गया और अंततः पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले तीनों घरेलू कर्मचारियों ने 2 नाबालिगों से भी संपर्क किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से लगभग 1.29 करोड़ रुपए बरामद किए गए हैं और जांच जारी है।

