''मदद का झांसा, होटल का कमरा और 70 साल का हैवान...'', नाबालिग से दरिंदगी, 2 शादीशुदा जोड़ों की करतूत उड़ा देगी होश
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 10:59 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक 16 साल की नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ बंधक बनाकर दरिंदगी की गई। हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब इस घिनौने खेल में मुख्य आरोपी 70 साल के एक बुजुर्ग के साथ 2 महिलाएं और उनके पति भी बराबर के मददगार निकले। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए सभी 5 आरोपियों को दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
ये भी पढ़ें:- नाले में फिसला 2 साल के मासूम का पैर, बचाने को तड़पकर मां ने भी लगा दी छलांग, लेकिन...
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मामले की शुरुआत 24 जुलाई को हुई जब पीड़िता की भाभी ने मोहनलालगंज पुलिस स्टेशन में अपनी ननद की गुमशुदगी और अपहरण की तहरीर दी। शिकायत में बताया गया कि किशोरी 17 जुलाई से अचानक लापता थी। परिजनों ने जब अपने स्तर पर पड़ताल शुरू की, तो पता चला कि गांव का ही दुर्गेश और उसकी पत्नी खुशबू बहला-फुसलाकर किशोरी को अपने साथ ले गए थे।
पुलिस जांच में जो बातें सामने आईं, उसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। पीड़िता दुर्गेश और खुशबू के चंगुल से जैसे-तैसे निकली, तो रास्ते में उसे राबिया और उसका पति विनोद रावत मिल गए। दोनों उसे मदद का झांसा देकर बाइक से पीजीआई इलाके के एक होटल में ले गए। इसके बाद राबिया ने अपने 70 वर्षीय परिचित द्वारिका रैदास को फोन करके होटल में बुला लिया। आरोप है कि बुजुर्ग द्वारिका रैदास ने कमरे में नाबालिग को बंधक बनाकर लगातार 3 दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान दोनों दंपति (दुर्गेश-खुशबू और विनोद-राबिया) बाहर पहरा देते रहे और साजिश को अंजाम देने में मदद करते रहे।
घटना की भयानकता को देखते हुए डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक के निर्देशन में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। सटीक मुखबिरी के आधार पर पुलिस ने किसान पथ के पास स्थित पूरनपुर गांव के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास, दुर्गेश, उसकी पत्नी खुशबू, विनोद रावत और उसकी पत्नी राबिया को धर दबोचा। डीसीपी साउथ ने बताया कि यह पूरी वारदात एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 70 साल के मुख्य आरोपी द्वारिका और दुर्गेश का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब इनके पुराने मुकदमों की फाइलें भी खंगाल रही है ताकि अदालत में कड़ी से कड़ी पैरवी की जा सके।

