'पापा! मम्मी मुझे क्यों डांटती हैं?'... आखिरी सवाल और फिर मौत की छलांग, छोटी सी जिद का रूह कंपा देने वाला अंत
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 02:46 PM (IST)
Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां एक नाबालिग बेटी की मामूली जिद और मां की डांट मौत के मातम में बदल गई। गांव की एक शादी में खाना खाने जाने से रोकने पर 17 वर्षीय युवती इस कदर आहत हुई कि उसने मौत को गले लगा लिया। तीन दिनों की तलाश के बाद बुधवार को उसका शव नदी किनारे बरामद हुआ।
मामूली सी बात और गहरा सदमा
घटना लहचूरा थाना क्षेत्र के धवाकर गांव की है। जहां के रहने वाले प्रेमदास की 17 वर्षीय बेटी शीतल अहीरवार 20 फरवरी से लापता थी। पिता और बहन ने बताया कि उस रात गांव में ही एक शादी समारोह था। शीतल वहां रात का खाना खाने जाना चाहती थी, लेकिन उसकी मां ने उसे डांट दिया और जाने से मना कर दिया।
पापा से पूछा आखिरी सवाल— 'मम्मी क्यों डांटती हैं?'
शीतल के पिता प्रेमदास ने भारी मन से बताया कि मां की डांट के बाद शीतल बहुत उदास हो गई थी। उसने अपने पिता के पास जाकर अपना दर्द साझा किया और पूछा कि पापा, मम्मी हमें क्यों डांटती हैं? पिता ने उसे दुलार कर समझाया और शांत रहने को कहा। शीतल उस रात बिना खाना खाए ही सो गई और अगली सुबह घर से चुपचाप निकल गई।
नदी किनारे मिला शव, परिवार में कोहराम
जब सुबह शीतल घर में नहीं मिली, तो परिजनों ने उसकी हर जगह तलाश की। पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। बुधवार को ग्रामीणों ने नदी किनारे एक शव देखा, जिसकी पहचान शीतल के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई
लहचूरा थाना प्रभारी सरिता तिवारी के मुताबिक, युवती की तलाश पहले से की जा रही थी। शव मिलने के बाद उसे कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और समय का पता चल सके। फिलहाल, इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

