दादी को दी आखिरी विदाई, फिर गंगा ने छीन लिए 4 पोते! Meerut के मखदुमपुर घाट पर मची ऐसी चीख-पुकार कि कांप उठी रूह
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 07:55 PM (IST)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां खुशियां तो नहीं लेकिन एक बुजुर्ग महिला को अंतिम विदाई देने पहुंचे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार के बाद नहाने उतरे 5 युवक गंगा की तेज धारा में बह गए। इनमें से एक को तो बचा लिया गया, लेकिन 4 युवक अभी भी लापता हैं।
120 वर्षीय बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार में आए थे युवक
हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ जब इंचौली क्षेत्र के जलालपुर गांव की रहने वाली 120 वर्षीय बुजुर्ग महिला भगवती देवी का निधन हो गया। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार उनके अंतिम संस्कार के लिए मखदुमपुर घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद, मृतका के भांजे के बेटे और उनके चचेरे भाई गंगा में स्नान करने के लिए उतरे।
बहाव तेज होने से बिगड़ा संतुलन
नहाने के दौरान गंगा का जलस्तर और बहाव तेज होने के कारण पांचों युवक— अभिषेक, हिमांशु, दीपांशु, प्रियांशु और प्रदीप गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद रिश्तेदार राहुल ने साहस दिखाते हुए पानी में छलांग लगाई और प्रदीप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन बाकी चारों युवक देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए।
भारी पुलिस बल और SDRF का सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही मवाना के सीओ पंकज लवानिया और हस्तिनापुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवकों की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगाई गई है। एसडीएम संतोष सिंह और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। चूंकि इलाका काफी सुदूर है, इसलिए वन विभाग (वाइल्ड लाइफ) की मोटरबोट की मदद से भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लापता युवकों को ढूंढने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी बुलाया गया है।
परिवार में मचा कोहराम
एक तरफ जहां परिवार बुजुर्ग दादी की मृत्यु के शोक में था, वहीं एक साथ 4 नौजवानों के डूबने की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस प्रशासन लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए है, हालांकि अभी तक लापता युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

