दामाद की हत्या कर भाग रहे थे 25-25 हजारी इनामी, पुलिस ने घेरा तो तड़ातड़ चलाने लगे गोलियां... पैर में लगी गोली
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 09:12 AM (IST)
Pratapgarh News: जिले के थाना जेठवारा क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित 25-25 हजार रुपए के 2 इनामी आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है जिनमें से एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक बृज नंदन राय ने बताया कि थाना जेठवारा क्षेत्र के खटवारा गांव में 29-30 जून की रात राजू सिंह की गोली मार हत्या कर दी गई थी। 4 नामजद सहित 7 लोगों के विरुद्ध हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी राजू की पत्नी के रिश्तेदार हैं जो उनके विवाह से नाराज थे।
अधिकारी ने बताया कि एक आरोपी को 30 जून को गिरफ्तार कर लिया गया और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। थाना जेठवारा के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह सोमवार रात जांच कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि 25-25 हजार के इनामी आरोपी गजराही पुलिया, एसएनएस स्कूल के पास मौजूद हैं।
जब पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने गोली चलानी शुरू कर दी, वहीं पुलिस की जवाबी गोलीबारी में पैर में गोली लगने से घायल 25 हजार के इनामी आरोपी चंदेश उर्फ पिंटू वर्मा तथा दूसरे 25 हजार के इनामी अभियुक्त तेज बहादुर उर्फ तेजे निवासी खटवारा थाना जेठवारा को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से .315 बोर का एक तमंचा, कारतूस व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल आरोपी को मेडिकल कालेज प्रतापगढ़ में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना के संबंध में विधिक कार्रवाई कर रही है।

