फेसबुक पर धमकी से मचा सियासी हड़कंप, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय निशाने पर
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 08:31 AM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय को सोशल मीडिया पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए लखनऊ के हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को डराने की हो रही कोशिश
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह ‘बबलू’ ने हुसैनगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि फेसबुक के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को धमकी दी गई है। तहरीर में कहा गया है कि धमकी देने वाला अकाउंट फर्जी प्रतीत हो रहा है और इसका उद्देश्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को डराना और उनकी छवि धूमिल करना है।
साइबर सेल की सहायता आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक शिवमंगल सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल से सहायता मांगी गई है। फेसबुक अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता के खिलाफ दी तहरीर
इस मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला। जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह के साथ कांग्रेस नेता प्रमोद सिंह, शैलेंद्र दीक्षित समेत कई कार्यकर्ता हुसैनगंज थाने पहुंचे और भाजपा नेता मनीष शुक्ला के खिलाफ अलग से तहरीर दी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक मनीष शुक्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक सहित अन्य माध्यमों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की आपत्तिजनक और अपमानजनक तस्वीरें पोस्ट की हैं।
धमकी देने वाले के खिलाफ की कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताते हुए कहा कि राजनीतिक असहमति के नाम पर इस तरह की भाषा और तस्वीरों का इस्तेमाल निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि सोशल मीडिया पर नफरत और धमकी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी नेतृत्व को डराने की कोशिशें सफल नहीं होंगी और लोकतंत्र व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई जारी रहेगी। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

