10 साल में खत्म हो गई पूरी दुनिया: सांड के हमले से मां-बेटे की दर्दनाक मौ/त, गांव में पसरा सन्नाटा

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 03:24 PM (IST)

Bhadohi News: सड़कों पर बेखौफ घूम रहे आवारा पशु अब सिर्फ ट्रैफिक की समस्या नहीं रहे, बल्कि लोगों की जिंदगी निगलने वाला काल बन चुके हैं। भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जहां पर्वतपुर गांव में आवारा सांड के हमले में मां-बेटे दोनों की जान चली गई।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पर्वतपुर निवासी प्रियांशु सिंह अपनी मां विनीता सिंह के साथ बाइक से अमवा जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक छुट्टा सांड आ धमका और उसने उन पर जोरदार हमला कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड को भगाया और घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, जिंदगी और मौत से लड़ते हुए इलाज के दौरान पहले बेटे प्रियांशु और थोड़ी देर बाद मां विनीता ने भी दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें:- बरेली से बुलंदशहर तक फैला था खौफ: 8 साल की बच्ची का ह/त्यारा एनकाउंटर में ढेर, 2 पुलिसकर्मी घायल

इस घटना की सबसे दर्दनाक परत यह है कि करीब 10 साल पहले प्रियांशु के पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद से मां-बेटा ही एक-दूसरे का सहारा बनकर अपनी छोटी सी दुनिया चला रहे थे। इस हादसे ने उस परिवार का नामो-निशान ही मिटा दिया।

अब इस घटना के बाद पूरे पर्वतपुर गांव में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद हादसे ने एक बार फिर स्थानीय प्रशासन और आवारा पशुओं के प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static