21वीं मंजिल पर AC ब्लास्ट से भड़की भीषण आग, इस सीजन में 150 से ज्यादा धमाके... मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 11:32 AM (IST)
Noida News: सेक्टर-119 स्थित एक सोसाइटी में 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में सोमवार सुबह एयर कंडीशनर (AC) में विस्फोट होने की वजह से आग लग गई जिसने विकराल रूप धारण कर लिया तथा आसपास के 2 और फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इस घटना में काफी सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दमकल विभाग को सुबह सूचना मिली कि सेक्टर-119 स्थित अरण्या सोसाइटी की 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 6 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि आग ने आसपास के दो और फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में घरों में मौजूद सामान जल गया है।
चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि फ्लैट के एसी में विस्फोट हो गया था, जिसकी वजह से आग लगी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि इस साल गर्मियों के मौसम में अब तक शहर में 150 से ज्यादा जगह पर एसी में विस्फोट के कारण आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। चौबे के अनुसार रविवार रात गोल्डन आई कमर्शियल बिल्डिंग की नौवी मंजिल पर स्थित एक कार्यालय में आग लग गई थी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

