महंगाई को लेकर BJP सरकार पर बरसे अजय राय, बोले- आर्थिक अन्याय के खिलाफ सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 07:49 PM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र और राज्य सरकार पर बेतहाशा महंगाई बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी जनता के साथ हो रहे आर्थिक अन्याय को मूकदर्शक बनकर नहीं देखेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार, राय ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेगा।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने और आम जनता को सब्सिडी तथा अन्य माध्यमों से राहत देने के कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी। राय ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की गलत एवं जनविरोधी आर्थिक नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश का हर नागरिक, चाहे वह किसान हो, मजदूर, मध्यम वर्ग या नौकरीपेशा, महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि दाल, चावल, तेल, सब्जियां और दूध जैसी बुनियादी खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं तथा इससे रसोई का बजट बिगड़ गया है।
प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में गरीब की थाली से भोजन गायब होता जा रहा है और सरकार आम जनता को राहत देने के बजाय पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है। राय ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवहन और लॉजिस्टिक्स महंगे हुए हैं, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर युवाओं के पास रोजगार नहीं है और दूसरी ओर बेकाबू महंगाई ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राय ने आरोप लगाया कि सरकार इन बुनियादी मुद्दों पर चर्चा और समाधान करने के बजाय कार्यक्रमों और दावों के जरिए जनता का ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्याज की कीमत तीन गुना बढ़कर 60 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि लहसुन, अदरक और अन्य खाद्य वस्तुओं के दाम पिछले दो महीनों में दो से तीन गुना बढ़ गए हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि थोक कीमतों में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिसके कारण खुदरा कीमतों में भी बड़ी बढ़ोतरी हुई है।

