''मारे गए लोगों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये मिले'', लखनऊ अग्निकांड पर अखिलेश यादव की योगी सरकार से बड़ी मांग
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 08:39 AM (IST)
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत की घटना को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि नियमों पर भ्रष्टाचार हावी हो चुका है। यादव ने हादसे में मारे गये लोगों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी की।
सपा प्रमुख ने सोमवार को हुई घटना में लोगों की मौत पर दुख जाहिर किया और कहा, ''अगर सुरक्षा नियमों का पालन किया गया होता तो इतनी बड़ी त्रासदी नहीं होती। नियमों का पालन नहीं होने के कारण इतने लोगों की जान चली गयी।'' पूर्व मुख्यमंत्री ने आग से बचने के लिए खिड़की से कूदने वाले एक व्यक्ति का जिक्र करते हुए कहा, ''आज मैं उस व्यक्ति से मिला जिसे वीडियो में खिड़की से कूदते हुए देखा गया था। उसे रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। वह नौकरी करता था और उसके परिवार ने मुझे बताया कि इलाज लंबे समय तक चलेगा। उसकी मां की भी मौत हो चुकी है। सवाल यह है कि इस दौरान परिवार की देखभाल कौन करेगा।''
हादसे में घायल हुए लोगों की आर्थिक मदद की मांग करते हुए यादव ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि घायल व्यक्तियों को तब तक वेतन मिलता रहे जब तक वे ठीक होकर काम पर लौटने लायक ना हो जाएं। यादव ने मारे गये लोगों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये की सरकारी सहायता देने की मांग करते हुए कहा, ''मरने वालों में 21 से 25 साल के युवा भी थे, जिनका पूरा जीवन बाकी था। सरकार को उस हर परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देना चाहिए जिसने इस त्रासद घटना में किसी अपने को खोया है।''

