महुआ मोइत्रा पर सरेआम फेंके गए अंडे, लगे चोर के नारे... भड़के अखिलेश यादव ने पूछा- ''कल सरकार गई तो क्या होगा?''

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 12:46 PM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा पर कथित रूप से अंडे फेंके जाने की घटना की निंदा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर राजनीतिक हिंसा का माहौल पैदा का आरोप लगाया। लोकसभा में 37 सांसदों वाली सपा के अध्यक्ष यादव ने इस घटना को अत्यंत निंदनीय बताया और न्यायपालिका तथा लोकसभा अध्यक्ष से इसका तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। महुआ मोइत्रा को कथित तौर पर उस समय भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा, जब वह पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के दौरे पर थीं। आरोप है कि इस दौरान उन पर अंडे फेंके गए।

'कल सरकार जाने के बाद क्या होगा?'
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने शासन वाले राज्यों में सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का विषैला वातावरण बना रही है तथा पुलिस का राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि इस नकारात्मक-प्रहारात्मक व्यवहार से पूरे देश की जनता बेहद नाराज और आक्रोशित है। यहां तक कि भाजपा के अपने नेता और कार्यकर्ता तक इस तरह के हिंसक हमलों के खिलाफ हैं क्योंकि उन्हें लग रहा है कि आज जहां उनकी सरकारें नहीं हैं, वहां भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों के ऊपर अगर ऐसा प्राणघातक हमला होना शुरू हो गया तो क्या होगा या फिर कल को उनकी सरकार जाने के बाद क्या होगा।

'दिग्गज नेता तो बच जाएंगे, आम कार्यकर्ता पिटेंगे'
यादव ने कहा कि भाजपा के बड़े नेता तो सुरक्षा घेरे में खुद को बचा लेंगे लेकिन आम कार्यकर्ता को सड़क पर जनाक्रोश का शिकार होने के लिए छोड़ देंगे। उन्होंने न्यायपालिका और लोकसभा अध्यक्ष से इस मामले पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया। तृणमूल मोइत्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में पार्टी विधायक अलीफा अहमद के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंके और उनके खिलाफ नारेबाजी की।

'बंगाल में सरकार बदलते ही चरमराई कानून-व्यवस्था'
मोइत्रा कालीगंज के पलाशी में अहमद के घर पर तृणमूल की बैठक में शामिल होने गई थीं, तभी बाहर प्रदर्शनकारियों का एक समूह जमा हो गया और वापस जाओ के नारे लगाने लगा। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने अंडे भी फेंके और चोर के नारे लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सरकार बदलने के बाद कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। अब भाजपा ने मुझ पर हमला करने की साजिश रची है। ये कोई आम लोग नहीं हैं, ये भाजपा कार्यकर्ता हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static