राम मंदिर चढ़ावा कांड में मदरसे की एंट्री! अखिलेश यादव पर भड़के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक, पूछे तीखे सवाल
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 08:33 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन पर तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। पाठक ने कहा कि सपा और कांग्रेस में मदरसों में कथित रूप से हो रहे कदाचार पर सवाल उठाने का साहस नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में राम मंदिर चढ़ावा मामले में विशेष जांच दल (SIT) की जांच का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार किसी भी दोषी को बख्शेगी नहीं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की एसआईटी जांच जारी है। कोई भी दोषी बच न पाए और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पाठक ने राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ट्रस्ट ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सरकार सनातन संस्कृति की पताका को और ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा, कांग्रेस और अन्य दल राम मंदिर के चढ़ावे पर सवाल उठा रहे हैं लेकिन बाबरी मस्जिद सहित मुस्लिम धार्मिक स्थलों, मस्जिदों या मदरसों के चंदे व कथित कदाचार पर कभी सवाल नहीं उठाते।पाठक ने आरोप लगाया कि कई मदरसों की स्थिति ऐसी है कि वे कदाचार के केंद्र बन गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद विपक्षी दल इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोलते क्योंकि वे तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट ने प्राथमिकी दर्ज कराई है और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

