अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- अंतरराष्ट्रीय हालात पर केंद्र की चुप्पी चिंताजनक

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 05:51 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेरिकी-इज़राइली हमलों और उससे पैदा हुए अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इन हमलों का प्रभाव हिंद महासागर और भारत की सीमाओं के करीब तक पहुंचना देशवासियों के लिए चिंता का विषय है, लेकिन इस गंभीर मुद्दे पर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अभूतपूर्व चुप्पी साध रखी है। 

वैश्विक मुद्दे पर मजबूर होकर बोल रहा है विपक्ष
यादव ने गुरुवार को एक्स पर लिखा, ' स्पष्ट किया जाए कि इसे‘चुप्पी'माना जाए या किसी विशेष भय के कारण इसे‘घिग्घी बँधना'माना जाए। भाजपा सरकार की ऐसी क्या मजबूरी है कि उनके होंठ किसी ने सिल दिये हैं। जनता पूछ रही है कि आपका कौन सा पत्ता दबा है। उन्होंने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा होने के नाते ये देश की सरकार, विदेश मंत्रालय डिफेंस मिनिस्टरी का संयुक्त दायित्व बनता है कि उसे अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए, परंतु कई दिनों की प्रतीक्षा के बाद भी सरकार द्वारा मुँह न खोलने पर, इस वैश्विक मुद्दे पर विपक्ष को मजबूर होकर बोलना पड़ रहा है।

देश में सरकार नाम की कोई चीज़ ही नहीं
सपा अध्यक्ष ने कहा कि इस संकटकाल में सरकार आगे आए और देश की जल, थल, वायु सीमाओं की रक्षा सुनिश्चित करे। जो भाजपा सरकार कुछ कह भी नहीं रही है; वो करेगी क्या, ये सोचकर देशवासी परेशान हैं। भाजपा ने जनता का विश्वास खो दिया है। ऐसा लग रहा है कि देश में सरकार नाम की कोई चीज़ ही नहीं है।

अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने का तरीका ढूंढ रही बीजेपी 
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अस्पष्ट नीति अपनाने का तरीक़ा ढूँढ रही है, जिससे लोग अटकलों में ही उलझे रहें। भाजपाई आगामी संसद सत्र में भी ऐसा कोई विवादास्पद विषय ज़रूर उठाएंगे, जिससे भाजपा सरकार की विफलताओं पर बात ही न हो सके। उन्होंने कहा कि देश के लिए ये समय‘सरकार-शून्यता'का काल है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static