''मेरे साथ सोओगी तभी मिलेगी मदद''- रे/प पीड़िता से बोला सिपाही, Audio वायरल होते ही SSP ने किया सस्पेंड
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 02:22 PM (IST)
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक मुख्य आरक्षी (दीवान) पर आरोप लगा है कि उसने मदद करने के बहाने एक दुष्कर्म पीड़िता का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। आरोपी सिपाही ने ना सिर्फ पीड़िता से अश्लील तस्वीरें मांगी, बल्कि केस में कार्रवाई करने के बदले उसे होटल चलने का गंदा ऑफर भी दिया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता जमालपुर की रहने वाली है, जिसने जीशान नाम के एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर रेप करने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। इस केस की जांच क्वार्सी थाने की नगला पटवारी चौकी में तैनात मुख्य आरक्षी इमरान खान को सौंपी गई थी। आरोप है कि जांच के दौरान इमरान खान ने पीड़िता का नंबर लिया और उसे व्हाट्सएप कॉल कर परेशान करने लगा। सिपाही ने पीड़िता से उसके प्राइवेट फोटो भेजने को कहा। इतना ही नहीं, उसने ईद के कपड़े दिलाने के बहाने पीड़िता पर होटल चलने का दबाव बनाया।
'तू भी मुसलमान, मैं भी मुसलमान...' — सिपाही की धमकी
पीड़िता ने एसएसपी (SSP) को दी अपनी तहरीर में सिपाही की घिनौनी बातों का खुलासा किया है। आरोपी ने पीड़िता से कहा कि तू भी मुसलमान है, मैं भी मुसलमान हूं। तुझे मेरे कमरे पर आकर सोना पड़ेगा, तभी तेरे केस में कार्रवाई होगी। अगर बात नहीं मानी, तो तुझे ही जेल भेज दूंगा। आरोपी सिपाही ने पीड़िता को कसम देकर चुप रहने और किसी को ना बताने की धमकी भी दी थी।
ऑडियो रिकॉर्डिंग ने खोली पोल, SSP का कड़ा एक्शन
पीड़िता डरी नहीं और उसने सिपाही के साथ हुई पूरी अश्लील बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया। यह रिकॉर्डिंग सबूत के तौर पर एसएसपी को सौंपी गई। मामले की गंभीरता और सबूतों को देखते हुए एसएसपी ने मुख्य आरक्षी इमरान खान को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ क्वार्सी थाने में गंभीर धाराओं में एफआईआर (Report) दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

