हिम्मत हो तो ऐसी! जब तेंदुए से भिड़ गया निहत्था मजदूर, फिर जो हुआ वो था हैरान कर देने वाला
punjabkesari.in Wednesday, Jun 25, 2025 - 07:01 AM (IST)

Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां के धौरहरा थाना क्षेत्र के बबुरी गांव में एक ईंट भट्ठे पर एक तेंदुआ आ गया। तेंदुआ जंगल से भटककर गांव में घुस आया था। इस दौरान भट्ठे पर काम कर रहे मिहिलाल नाम के मजदूर ने बड़ी हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को पकड़ लिया। लेकिन इसके बाद जो हुआ, वो और भी हैरान करने वाला था।
भीड़ ने तेंदुए पर किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, जैसे ही तेंदुए को पकड़े जाने की खबर फैली, वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने डर और गुस्से में आकर तेंदुए पर ईंट और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव की वजह से तेंदुआ घायल हो गया। इसी दौरान तेंदुआ मिहिलाल की पकड़ से छूट गया और भागकर जंगल की ओर चला गया।
मिहिलाल को आई चोटें, वीडियो हुआ वायरल
इस पूरी घटना में मिहिलाल को भी हल्की चोटें आईं। वहां मौजूद एक अन्य कर्मचारी ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल से बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेंदुआ जमीन पर दबा हुआ है और लोग उस पर पथराव कर रहे हैं।
वन विभाग ने किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब 4 घंटे की मेहनत के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया। तेंदुआ घायल था, इसलिए उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं घायल मिहिलाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे खतरनाक जानवरों से खुद ना भिड़ें। अगर इस तरह का कोई जानवर गांव या खेत में आ जाए, तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। तेंदुआ जैसे जंगली जानवर आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करते, लेकिन डर या खतरा महसूस होने पर वो हमला कर सकते हैं।