अयोध्या में बड़ा फरमान: स्कूलों में यूट्यूबर्स की नो एंट्री, वीडियोग्राफी पर लगा बैन
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 10:41 AM (IST)
Ayodhya News: बेसिक शिक्षा विभाग ने जनपद के सभी सरकारी स्कूलों को लेकर एक बड़ा और सख्त फैसला लिया है। अब अयोध्या के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बिना पूर्व अनुमति के किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह से बैन कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) लालचंद ने इस बाबत आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
बीएसए द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब कोई भी बाहरी व्यक्ति, यूट्यूबर या सोशल मीडिया से जुड़ा क्रिएटर अधिकारी की लिखित अनुमति के बिना न तो स्कूल परिसर में दाखिल हो सकेगा और न ही वहां कोई फोटो या वीडियो बना पाएगा। बिना इजाजत कैमरे के साथ स्कूल पहुंचने वालों पर सीधी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी स्कूल प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को इस नियम का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है।
ये भी पढ़ें:- 10 हजार कमाने वाले गार्ड को थमाया 3 करोड़ का GST नोटिस, फिर जो हुआ....
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पिछले कुछ समय से बिना अनुमति के कई लोग और यूट्यूबर्स स्कूलों में घुस आते थे। वहां वे शिक्षकों और बच्चों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल देते थे। इससे न केवल स्कूल में पढ़ाई-लिखाई का माहौल खराब होता था, बल्कि शिक्षकों और विभाग की छवि को भी नुकसान पहुंचता था। इसी अनियंत्रित वीडियोग्राफी पर अंकुश लगाने और शिक्षकों के सम्मान की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है।
विभाग ने साफ किया है कि सरकारी स्कूलों के निरीक्षण और व्यवस्था जांचने के लिए शासन द्वारा पहले से ही सक्षम अधिकारी तैनात हैं। वे समय-समय पर स्कूलों में जाकर औचक निरीक्षण करते हैं और कमियां मिलने पर जरूरी सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाती है। ऐसे में किसी भी गैर-अधिकृत व्यक्ति को व्यवस्था जांचने के नाम पर स्कूल में घुसकर वीडियो बनाने की छूट नहीं दी जा सकती। यह आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे जिले के स्कूलों में लागू कर दिया गया है।

