अब प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज- योगी सरकार की बड़ी पहल

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 05:32 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। अब प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस फैसले से प्रदेश के लाखों लाभार्थियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

12 और कैंटोनमेंट अस्पतालों से होगा समझौता
राज्य सरकार की ओर से स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) को निर्देश दिए गए हैं कि शेष 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ जल्द ही एमओयू (समझौता ज्ञापन) साइन किया जाए। इसके बाद इन अस्पतालों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जाएगा, जिससे लाभार्थियों को वहां भी मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

प्रयागराज में पहले से मिल रही सुविधा
प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं। इनमें से प्रयागराज स्थित कैंटोनमेंट अस्पताल में पहले से ही आयुष्मान कार्ड धारकों का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। वहां मिल रहे सकारात्मक परिणामों को देखते हुए सरकार ने इस सुविधा को पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया है।

गंभीर बीमारियों का भी होगा मुफ्त इलाज
स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार, प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में जनवरी 2026 से आयुष्मान कार्ड धारकों को कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

मरीजों को मिलेंगी कई अतिरिक्त सुविधाएं
यहां मरीजों को मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट, नि:शुल्क जांच और गंभीर मरीजों के लिए पिक एंड ड्रॉप यानी मुफ्त परिवहन की सुविधा भी दी जा रही है। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।

इन शहरों के कैंटोनमेंट अस्पताल भी होंगे शामिल
एमओयू के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना स्थित कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज की सुविधा मिलेगी। इससे योजना के तहत पैनल्ड अस्पतालों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।

पारदर्शी होगी इलाज और भुगतान प्रक्रिया
साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव के अनुसार सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान योजना के अनुरूप आवश्यक प्रक्रियाएं तैयार की जा रही हैं। एमओयू के बाद अस्पतालों को योजना के पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिससे उपचार, बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी हो सकेगी। सरकार की इस पहल से सेना क्षेत्र के आधुनिक चिकित्सा संसाधनों का लाभ अब आम नागरिकों को भी मिलेगा। साथ ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static